- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pak vs nz after pulling out of pakistan tour was disappointing for everyone says martin guptill 5046600
PAK vs NZ- पाकिस्तान दौरा छोड़ना सभी के लिए निराशाजनक था: Martin Guptill
हम वर्ल्ड कप से पहले कुछ क्रिकेट खेलकर तैयारी करना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका: Martin Guptill
Published On Oct 08, 2021, 08:32 PM IST
Last UpdatedOct 08, 2021, 08:32 PM IST
हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर गई न्यूजीलैंड की टीम ने मेजबान देश के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से कुछ मिनट पहले यह दौरा रद्द कर दिया. मेहमान टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान में न खेलने का ऐलान कर दिया और जल्दी ही इस देश से बाहर निकलने का फैसला किया. अब टीम के अनुभवी ओपनिंग बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (Martin Guptill) ने इसे दुखद करार दिया है.
गुप्टिल ने कहा कि हमारे खिलाड़ी भी चाहते थे कि टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) से पहले पाकिस्तान के खिलाफ दौरे से उन्हें तैयारी में मदद मिलेगी. इस दौरे के रद्द होने के तुरंत बाद पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि गुप्टिल के बारे में एक धमकी भरा मेल दौरा शुरू होने से पहले उनकी पत्नी लौरा मैकगोल्ड्रिक को भेजा गया था. लेकिन गुप्टिल ने कहा कि इस दौरे से पूर्व जान से मारने की धमकी से वह चिंतित नहीं थे.
गुप्टिल ने वर्चुअल मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मुझे लगता है कि इस फैसले में जो भी शामिल था, वह इससे काफी निराश था. हम वर्ल्ड कप से पहले कुछ क्रिकेट खेलकर तैयारी करना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका.’
उन्होंने कहा, ‘मैं जानता हूं कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर क्रिकेट आयोजित करने की कोशिश कर रहा है. हम सभी उम्मीद कर रहे हैं कि वहां जल्द ही फिर से क्रिकेट शुरू होगा.’ गुप्टिल ने कहा, ‘परिवार को धमकी मिलना अच्छा नहीं है.’
उन्होंने कहा, ‘लौरा ने मुझे वास्तव में नहीं बताया कि ईमेल में क्या था, इसलिए मुझे नहीं पता था कि क्या हो रहा था. जैसा कि मैंने कहा कि हमने इसे उचित अधिकारियों के पास भेज दिया था.’ गुप्टिल पाकिस्तान दौरे के दौरान वापसी करने वाले थे, जिन्हें बांग्लादेश में दौरे के दौरान आराम दिया गया था.
(इनपुट: भाषा)