- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pakistan blind team visa approved by Indian government for world Cup
पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम भारत आएगी, गृह मंत्रालय से वीजा को मिली मंजूरी
भारतीय गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान के 34 खिलाड़ियों और अधिकारियों को वीजा जारी करने की मंजूरी दे दी है.
Published On Dec 07, 2022, 10:06 AM IST
Last UpdatedDec 07, 2022, 10:06 AM IST
Pakistan BLIND TEAM
केंद्रीय गृह मंत्रालय से पाकिस्तान के 34 खिलाड़ियों और अधिकारियों के वीजा को मंजूरी मिलने से पाकिस्तानी दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम का भारत में चल रहे दृष्टिबाधित टी-20 विश्व कप में खेलने का रास्ता साफ हो गया.
गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद विदेश मंत्रालय पाकिस्तानी खिलाड़ियों और अधिकारियों को वीजा जारी करेगा जिससे कि वह भारत में पांच से 17 दिसंबर तक चलने वाले टूर्नामेंट में भाग ले सकें. मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि गृह मंत्रालय ने दृष्टिबाधित विश्वकप में भाग लेने के लिए पाकिस्तान के 34 खिलाड़ियों और अधिकारियों को वीजा जारी करने की मंजूरी दे दी है।
इससे पहले पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद (पीबीसीसी) ने मंगलवार को बयान जारी करके दावा किया था कि टीम को भारतीय विदेश मंत्रालय से अनुमति नहीं मिली.
भारत ने जीत के साथ की है शुरूआत:
दीपक मलिक और सुनील रमेश के शतकों की मदद से विशाल स्कोर बनाने वाले भारत ने दृष्टिबाधित टी20 विश्वकप में फरीदाबाद में खेले गए मैच में नेपाल को 274 रन से करारी शिकस्त दी.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनील रमेश के 106 और दीपक मलिक के नाबाद 113 रन के अलावा डी वेंकटेश्वर राव के नाबाद 67 रन की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 382 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. नेपाल की टीम इसके जवाब में नौ विकेट पर 108 रन ही बना पाई. दिन के अन्य मैचों में बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका को 99 रन से जबकि श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराया।
इनपुट- पीटीआई भाषा