- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pakistan cabinet rejects broadcasting proposal of indian companies for england series 4726052
पाकिस्तान ने क्रिकेट प्रसारण के लिए भारतीय कंपनी का प्रस्ताव ठुकराया, धारा 370 को ठहराया जिम्मेदार
पाकिस्तान सरकार ने भले सोनी और स्टार की पेशकश ठुकरा दी हो. लेकिन इससे PCB और PTV को ही तगड़ा वित्तीय नुकसान होगा.
Published On Jun 09, 2021, 08:30 AM IST
Last UpdatedJun 09, 2021, 08:30 AM IST
भारत और पाकिस्तान के बीच काफी लंबे समय से राजनीतिक तनाव बरकरार है. इसका असर लगातार खेल पर भी पड़ रहा है. दोनों देशों ने करीब एक दशक से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है. अब पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर तल्खी दिखाई है. उसने अपने ताजा फैसले में भारत की प्रसारण कंपनियों के प्रस्ताव को दरकिनार कर दिया है. सोनी और स्टार ने पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली आगामी सीरीज के सीधे प्रसारण के अनुबंध का प्रस्ताव दिया था.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया को बताया कि पाकिस्तान टेलीविजन (PTV) ने सरकार से मैचों के प्रसारण के लिए स्टार और सोनी से करार पर हस्ताक्षर का आग्रह किया था. लेकिन कैबिनेट ने यह आग्रह ठुकरा दिया है.
फवाद ने कहा, ‘कैबिनेट ने इंग्लैंड-पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज के प्रसारण के लिए स्टार और सोनी से करार के पीटीवी के आग्रह को ठुकरा दिया है.’
फवाद ने कहा कि इमरान खान सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि भरत के साथ रिश्ते 5 अगस्त 2019 की कार्यवाही को पलटने पर निर्भर करेंगे. वह जम्मू कश्मीर में धारा 370 को हटाए जाने के संदर्भ में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा, ‘जब तब उस कार्यवाही को वापस नहीं लिया जाता तब तक भारत के साथ हमारे रिश्ते सामान्य नहीं हो सकते.’ फवाद ने कहा कि स्टार और सोनी का दक्षिण एशिया की सभी क्रिकेट सामग्री पर एकाधिकार है और भारतीय कंपनी के साथ करार नहीं होने की स्थिति में पाकिस्तान में सीरीज का प्रसारण नहीं किया जाएगा.
उन्होंने हालांकि कहा कि सरकार इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और अन्य विदेशी कंपनियों से प्रसारण अधिकार हासिल करके बीच का रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है.
उन्होंने कहा कि कैबिनेट के फैसले से पीटीवी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ेगा. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट सीरीज 8 जुलाई से शुरू होनी है.
(इनपुट: भाषा)