×

जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार शतक जड़ कोहली से आगे निकले बाबर

पाकिस्तान टीम को तीसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा।

user-circle cricketcountry.com Written by Gunjan Tripathi
Last Published on - November 4, 2020 2:05 PM IST

जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में एकतरफा शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम सबसे तेज 12 वनडे शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

आजम ने अपने करियर के 12 वनडे शतक पूरे करने के लिए 75 पारियों का इस्तेमाल किया है। बाबर सबसे तेज वनडे में 12 शतक जमाने के मामले में केवल दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक से पीछे हैं, जिन्होंने 74 पारियों में 12 वनडे शतक जड़े हैं।

इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के एक और दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 81 पारियों में 12 वनडे शतक जड़े हैं। जबकि 83 वनडे पारियों में 12 शतक जमाकर भारतीय कप्तान विराट कोहली चौथे स्थान पर हैं।

लीग स्टेज खत्म होने के बाद क्या है ऑरेंज और पर्पल कैप सूची का हिसाब

पाक कप्तान ने अपने वनडे करियर में अब तक खेले 77 मैचों में 55.94 की औसत और 87.87 की स्ट्राइक रेट से 3,580 रन बनाए हैं।

पाकिस्तान के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जिम्बाब्वे के दिए 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान टीम का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया। शीर्ष तीन बल्लेबाजों के मात्र 20 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद क्रीज पर आए आजम ने एक छोर पर टिके रहकर 125 गेंदो पर 13 चौकों और एक छक्कों की मदद से 125 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान को 278 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि स्कोर बराबर करने के बाद पाक टीम सुपर ओवर में मैच हार गई।