- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pakistan cricket team creates History with Series win against South africa in Home Babar azam completes 15000 international runs
PAK VS SA: पाकिस्तान की टीम ने रचा इतिहास, बाबर आजम के नाम भी बड़ी उपलब्धि
पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को सात विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की. पाकिस्तान ने इस जीत के साथ पहली बार वनडे क्रिकेट में बड़ा कारनामा किया है.
Published On Nov 09, 2025, 11:08 AM IST
Last UpdatedNov 09, 2025, 11:08 AM IST
Babar azam
PAK VS SA 3rd ODI: पाकिस्तान की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज अपने नाम किया है. फैसलाबाद के इकबाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे मैच को पाकिस्तान से साउथ अफ्रीका को सात विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की. पाकिस्तान ने इस जीत के साथ इतिहास भी रचा है, यह पहला मौका है जब पाकिस्तान अपनी धरती पर साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज में हराने में कामयाब हुआ है. साउथ अफ्रीका की टीम ने इससे पहले 2003 और 2007 में वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था, दोनों ही दौरों में साउथ अफ्रीका को जीत मिली थी. इस मैच में बाबर आजम के नाम भी बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई.
तीसरे वनडे मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, सलामी बल्लेबाजों प्रिटोरियस और डिकॉक ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े, प्रिटोरियस 45 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए, पिछले मैच में शतक लगाने वाले डिकॉक ने इस मैच में भी अर्धशतक लगाया, वह 70 गेंद पर 53 रन बनाकर आउट हुए, इन दोनों का विकेट गिरने के बाद दक्षिण अफ्रीकी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 37.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने 10 ओवर में मात्र 27 रन देकर चार विकेट लिए. सलमान अली आगा और मोहम्मद नवाज को 2-2 सफलता मिली, वहीं कप्तान शाहीन अफरीदी ने भी 2 विकेट लिए.
सईम अयूब की पारी से पाकिस्तान की आसान जीत
144 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 25.1 ओवर में हासिल कर लिया, पाकिस्तान को पहला झटका फखर जमां के रूप में शून्य पर ही लगा, लेकिन इसके बाद साईम अयूब और बाबर आजम ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की, बाबर 32 गेंद पर 27 रन बनाकर रन आउट हो गए. साईम अयूब 70 गेंद पर एक छक्का और 11 चौके की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए. मोहम्मद रिजवान नाबाद 32 और सलमान अली आगा नाबाद 5 ने पाकिस्तान को जीत दिला दी. अबरार अहमद प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
बाबर आजम के नाम बड़ी उपलब्धि
तीसरे वनडे में अपनी 27 रनों की पारी के दौरान बाबर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 15,000 रन पूरे किए. तीनों फॉर्मेट मिलाकर बाबर के कुल 15,004 रन हो गए हैं. ये उपलब्धि हासिल करने वाले बाबर पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बने हैं. 31 साल के बाबर आजम ने 61 टेस्ट में 9 शतक की मदद से 4,366 रन, 137 वनडे में 19 शतक की मदद से 6,336 रन और 131 टी20 में 3 शतक की मदद से 4,302 रन बनाए हैं. पाकिस्तान के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक के नाम है, इंजमाम ने 20,541 रन बनाए थे.