SL vs PAK, 1st Test: शुरुआती झटकों से उबरा पाकिस्तान, शकील-सलमान के बीच शतकीय साझेदारी

नसीम शाह और शाहीन अफरीदी ने मिलकर छह विकेट चटकाए लेकिन श्रीलंका डिसिल्वा के 10वें टेस्ट शतक से 300 रन के पार पहुंचने में सफल रहा.

Edited By : Vanson Soral |Jul 17, 2023, 07:54 PM IST

Published On Jul 17, 2023, 07:54 PM IST

Last UpdatedJul 17, 2023, 07:54 PM IST

Pakistan Cricket Team-PAK vs SL

PIC Credit- @TheRealPCB

गॉल। धनंजय डिसिल्वा के शतक और प्रबाथ जयसूर्या के झटकों से एक समय बैकफुट पर पहुंचा पाकिस्तान सऊद शकील और आगा सलमान के बीच अटूट शतकीय साझेदारी से श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन सोमवार को यहां वापसी करने में सफल रहा. डिसिल्वा के 122 रन की मदद से श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 312 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया. इसके जवाब में पाकिस्तान का स्कोर एक समय पांच विकेट पर 101 रन था. शकील (नाबाद 69) और सलमान (नाबाद 61) ने यहीं से 120 रन की अटूट शतकीय साझेदारी निभाई जिससे पाकिस्तान दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 221 रन पर पहुंच गया.

बाएं हाथ के स्पिनर जयसूर्या ने अभी तक 83 रन देकर तीन विकेट लिए हैं. उन्होंने सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (19), कप्तान बाबर आजम (13) और अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद (19) को पवेलियन भेजा. कासुन रजिता ने पारी के दूसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (एक) को आउट कर दिया था जबकि रमेश मेंडिस ने शान मसूद की 39 रन की तेजतर्रार पारी का अंत किया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

लंका 300 के पार

इससे पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों नसीम शाह और शाहीन अफरीदी ने मिलकर छह विकेट चटकाए लेकिन श्रीलंका डिसिल्वा के 10वें टेस्ट शतक से 300 रन के पार पहुंचने में सफल रहा. घुटने की चोट के कारण एक साल बाद वापसी कर रहे अफरीदी ने 86 जबकि नसीम ने 90 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए. श्रीलंका ने रविवार को पहले सत्र में 54 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन उप कप्तान डिसिल्वा ने टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया.

डिसिल्वा का शानदार शतक

दूसरे दिन 94 रन से आगे खेलने उतरे डिसिल्वा ने अफरीदी की गेंद पर एक रन के साथ पाकिस्तान के खिलाफ तीसरा शतक पूरा किया. यह उनका गॉल में भी तीसरा शतक है. पाकिस्तान ने विकेटों की तलाश में दूसरी नई गेंद ली तो नसीम ने प्रबाथ जयसूर्या को विकेटकीपर सरफराज अहमद के हाथों कैच करा दिया.

डिसिल्वा भी 122 रन बनाने के बाद शान मसूद को कैच दे बैठे. उन्होंने 214 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके और तीन छक्के मारे. कासुन रजिता (08) और विश्व फर्नांडो (नाबाद 21) ने अंतिम विकेट के लिए 29 रन जोड़े. रजिता लंच से पहले के अंतिम ओवर में आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज बने. श्रीलंका ने सुबह के सत्र में 70 रन जोड़कर चार विकेट गंवाए.

Editor's Pick