वनडे में दोहरा शतक लगाने के बाद अब फखर जमां को मिलेगी 'टेस्ट' मे जगह
कप्तान ने दिए संकेत, टेस्ट में सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेल सकते हैं फखर जमां।
Published On Jul 24, 2018, 06:48 PM IST
Last UpdatedJul 24, 2018, 06:48 PM IST
Fakhar Zaman (File Photo) © AFP
हाल ही में वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां को अब टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। पाकपैशन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा है कि आॅस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए जमां के नाम पर विचार किया जाएगा। पाकिस्तान को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।
टेस्ट में दे सकते हैं आक्रमक शुरुआत
सरफराज ने कहा कि टेस्ट में सलामी जोड़ी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है और जमां इस चिंता को दूर करने के लिए प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने कहा, “यदि आप हमारी टेस्ट टीम की सलामी जोड़ी को देखेंगे तो यह अभी भी चिंता का विषय है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हम निश्चित रूप से जमान को टेस्ट में शामिल करने का प्रयास करेंगे। जिस तरह से वह खेल रहे है, उससे एक सलामी बल्लबोज के रूप में वह विपक्षी टीम के खिलाफ आक्रामक शुरुआत दे सकते हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि भविष्य में वह जरुर टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे।”
वनडे में पूरे किए सबसे तेज एक हजार रन
सरफराज ने कहा, “टेस्ट मैच में कप्तानी करना पूरी तरह से अलग है क्योंकि आपको पूरे खेल का फैसला करने और टीम संयोजन के बारे में महत्वपूर्ण निर्णय लेने की आवश्यकता होती है। मैंने अभी तक पांच मैचों में ही कप्तान की है इसलिए मैं भी सीखने के चरण में हूं।” 28 साल के जमां ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर पांच मैचों की वनडे सीरीज में दोहरा शतक बनाया था। उन्होंने 210 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने वनडे में सबसे तेज 1000 रन पूरे किए थे।