अजहर और शफिक के शतक से पाक ने न्यूजीलैंड पर कसा शिकंजा

अपना 33वां टेस्ट खेल रहे यासिर शाह को टेस्ट मैचों में सबसे तेज 200 विकेट लेने के ऑस्ट्रेलियाई क्लेरी ग्रिमेट का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए एक विकेट की दरकार है।

Edited By : Cricket Country Staff |Dec 05, 2018, 08:31 PM IST

Published On Dec 05, 2018, 08:31 PM IST

Last UpdatedDec 05, 2018, 08:31 PM IST

Azhar Ali with Asad shafiq © AFP

अजहर अली और असद शफिक के शतकों की मदद से पाकिस्तान ने आखिरी 7 विकेट 62 रन के अंदर गंवाने के बावजूद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन अपना पलड़ा भारी रखा।

अजहर ने 134 और शाफिक ने 104 रन बनाए। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 201 रन की साझेदारी की जिससे पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 348 रन बनाकर 74 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

न्यूजीलैंड की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 26 रन बनाए हैं और वह अब भी पाकिस्तान से 48 रन पीछे है। पहली पारी में 274 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड का दारोमदार अब कप्तान केन विलियमसन पर टिका है जो 14 रन बनाकर खेल रहे हैं।

तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी ने जीत रावल (शून्य) को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया जबकि लेग स्पिनर यासिर शाह ने टॉम लैथम को कैच कराकर अपना 199वां टेस्ट विकेट लिया। अपना 33वां टेस्ट खेल रहे यासिर को टेस्ट मैचों में सबसे तेज 200 विकेट लेने के ऑस्ट्रेलियाई क्लेरी ग्रिमेट का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए एक विकेट की दरकार है। ग्रिमेट ने 36 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी।

इससे पहले पाकिस्तान का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 286 रन था लेकिन उसने 62 रन के अंदर बाकी बचे 7 विकेट गंवा दिए। न्यूजीलैंड की तरफ से अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे ऑफ स्पिनर विल सोमरविले ने 75 रन देकर चार विकेट लिए। तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और बाएं हाथ के स्पिनर एजाज पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए।

अजहर और शफिक 18 रन के अंदर पवेलियन लौटे जिसके बाद पाकिस्तानी पारी का पतन शुरू हुआ। अजहर ने अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे विल सोमरविले की गेंद पर गलत टाइमिंग से स्वीप शॉट लगाकर पटेल को कैच थमाया। पटेल ने इसके बाद शाफिक को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया।

तीन टेस्ट मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है।

अजहर ने तेज गेंदबाज कोलिन डि ग्रैडहोम पर चौका जड़कर अपना 15वां टेस्ट शतक पूरा किया। यह मई 2017 के बाद उनका पहला सैकड़ा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने पहली बार शतकीय पारी खेली। शफिक ने सोमरविले पर एक रन लेकर अपना 12वां टेस्ट शतक पूरा किया।

अजहर ने अपनी पारी में 297 गेंदें खेली तथा 12 चौके लगाए जबकि शफिक की 259 गेंदों की पारी में 14 चौके शामिल हैं।

कप्तान सरफराज अहमद (25) आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज थे।

(इनपुट-एजेंसी)

Editor's Pick