- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pakistan vs Sri Lanka, 1st Test, Day 3: Pakistan trail by 153 runs
आबु धाबी टेस्ट, तीसरा दिन: पाकिस्तान 266/4, अजहर अली डटे
अजहर अली 74 रन बनाकर विकेट पर जमे हुए हैं।
Published On Sep 30, 2017, 08:17 PM IST
Last UpdatedSep 30, 2017, 08:17 PM IST

आबु धाबी। पाकिस्तान ने यहां खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका द्वारा पहली पारी में खड़े किए गए 419 रनों के विशाल स्कोर के सामने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 266 रन बना लिए। स्टम्प्स तक अजहर अली 74 रन बनाकर विकेट पर जमे हुए हैं। पाकिस्तान ने अपने दूसरे दिन के स्कोर 64 रनों पर बिना कोई विकेट से आगे खेलना शुरू किया। शुक्रवार के नाबाद बल्लेबाज शान मसूद (59) और समी असलम (51) ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए, लेकिन इसके बाद वे ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए।
114 के कुल स्कोर पर असलम आउट हुए तो दो रन बाद मसूद पवेलियन लौटे गए। एक समय मजबूत दिख रही पाकिस्तान अचानक से बैकफुट पर आ गई थी। लेकिन अजहर अली ने अशद शफीक (39) के साथ मिलकर टीम को दबाव से बाहर निकाला, लेकिन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे शफीक को रंगना हेराथ ने पवेलियन भेज दिया।
उनके स्थान पर आए बाबर आजम ने अजहर का साथ दिया और दोनों ने मिलकर टीम का स्कोरबोर्ड आगे बढ़ाया। 266 के कुल स्कोर पर आजम, नुवान प्रदीप का शिकार बने। इसी के साथ दिन का खेल खत्म होने की घोषणा की गई। अजहर ने अभी तक अपनी पारी में 200 गेंदों का सामना किया है और सिर्फ तीन चौके लगाए हैं। पाकिस्तान अभी भी श्रीलंका से 153 रन पीछे है। [ये भी पढ़ें: नागपुर वनडे (प्रिव्यू): जीत की राह में लौटने को बेताब टीम इंडिया]
इससे पहले खेल के दूसरे दिन श्रीलंका के कप्तान दिनेश चंडीमल (नाबाद 155) और निरोशन डिकवेला (83) ने मजबूती प्रदान की और पाकिस्तान को विकेट के लिए तरसाया। दोनों ने दूसरे दिन टीम के खाते में 68 रनों का इजाफा किया। शतक की ओर बढ़ रहे डिकवेला 295 के कुल स्कोर पर हसन अली की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 117 गेंदें खेलीं और नौ चौके व एक छक्का लगाया।
कप्तान ने इसके बाद दिलरुवान परेरा के साथ सातवें विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में 33 रन परेरा के थे। हारिस सोहेल ने परेरा को 387 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेजा। जैसे ही यह साझेदारी टूटी, श्रीलंका की टीम के विकेट लगातार गिरते गए। कप्तान एक छोर पर खड़े रहे लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। चंडीमल ने अपनी नाबाद पारी में 372 गेंदें खेलीं और 14 चौके जड़े। पाकिस्तान की तरफ से यासिर शाह और मोहम्मद अब्बास ने तीन-तीन विकेट लिए। हसन अली को दो सफलताएं मिलीं। हारिस सोहेल को एक विकेट मिला।