VIDEO: न्यूजीलैंड में खुशदिल शाह की दर्शकों के साथ हुई भयंकर लड़ाई, हाथापाई की नौबत आई
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा, स्टैंड में मौजूद कुछ अफगान दर्शक पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे, वे ऑलराउंडर खुशदिल शाह के प्रति विशेष रूप से सख्त थे.
Published On Apr 06, 2025, 08:19 AM IST
Last UpdatedApr 06, 2025, 08:19 AM IST
(Image credit- X)
Khushdil Shah fights with fans in NewZealand: पाकिस्तान की टीम को वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के हाथो 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को डकबर्थ लुईस नियम से 43 रन से हरा दिया. पाकिस्तान को इससे पहले टी-20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था. तीसरे वनडे मैच के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ी खुशदिल शाह ने ऐसी हरकत की, जिसके बाद उनकी जमकर फजीहत हुई.
पाकिस्तान के खिलाड़ी खुशदिल शाह मैच के दौरान दर्शकों के साथ लड़ाई करते नजर आए. यह घटना मैच के बाद हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच खत्म होने के बाद जब पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान से बाहर जा रहे थे. इसी दौरान कुछ दर्शकों ने कथित तौर पर खिलाड़ियों को लेकर निजी टिप्पणियां की. जिसके बाद खुशदिल शाह भड़क गए और वो दर्शकों से लड़ाई करने चले गए. सपोर्ट स्टाफ के कुछ सदस्य और सुरक्षाकर्मी बाद में खुशदिल शाह को बाहर लेकर गए. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खुशदिल शाह एक फैन के साथ बहस करते दिख रहे हैं.
वहीं इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि वह खुशदिल शाह से जुड़ी घटना की निंदा करता है, जिन्हें न्यूजीलैंड के माउंट माउंगानुई में दर्शकों द्वारा अभद्र भाषा और अनुचित टिप्पणियों का सामना करना पड़ा, जहां शनिवार (5 अप्रैल) को दोनों देशों के बीच तीसरा और अंतिम वनडे खेला गया था. पाकिस्तान टीम प्रबंधन की शिकायत के बाद दो प्रशंसकों को स्टेडियम से बाहर निकाल दिया गया.
पीसीबी का आया बयान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम प्रबंधन ने शनिवार (5 अप्रैल) को एक बयान में कहा,पाकिस्तान क्रिकेट टीम प्रबंधन ने विदेशी दर्शकों द्वारा राष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की कड़ी निंदा की है. पाकिस्तान टीम प्रबंधन के बयान में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि स्टैंड में मौजूद कुछ अफगान दर्शक पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे, वे ऑलराउंडर खुशदिल शाह के प्रति विशेष रूप से सख्त थे, जिन्होंने दर्शकों से संयम बरतने की अपील की, खुशदिल प्लेइंग इलेवन में नहीं थे.
अफगान दर्शकों ने की अभद्र टिप्पणी !
पीसीबी ने कहा, आज मैच के दौरान विदेशी दर्शकों ने मैदान पर मौजूद क्रिकेटरों पर अनुचित टिप्पणी की, जब पाकिस्तान विरोधी नारे लगे, तो क्रिकेटर खुशदिल शाह ने हस्तक्षेप किया और दर्शकों से ऐसा न करने का आग्रह किया. बयान में कहा गया, जवाब में अफगान दर्शकों ने पश्तो में और अनुचित भाषा का इस्तेमाल करके स्थिति को और बिगाड़ दियाय पाकिस्तानी टीम की शिकायत के बाद स्टेडियम के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों उपद्रवी दर्शकों को बाहर निकाल दिया.