- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Pandya one of the best pace-bowling allrounders in world cricket: Klusener
दिग्गज क्रिकेटर ने हार्दिक पांड्या को बताया दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक
हार्दिक पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल से खुद को बाहर रखा है.
Published On Jun 03, 2023, 06:05 PM IST
Last UpdatedJun 03, 2023, 06:05 PM IST
@bcci
कोलकाता। हार्दिक पांड्या को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हरफनमौलाओं में से एक बताते हुए साउथ अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला लांस क्लूजनर ने शनिवार को कहा कि अपने कार्यभार के प्रबंधन के लिये वह टेस्ट क्रिकेट छोड़ सकता है. अपने कैरियर में कई बार चोटों से जूझते आये पांड्या ने आखिरी टेस्ट सितंबर 2018 में खेला था. वह तब से सीमित ओवरों का क्रिकेट ही खेल रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल से खुद को बाहर रखा है.
क्लूजनर ने कलकत्ता खेल पत्रकार क्लब द्वारा आयोजित बातचीत में कहा ,‘‘पांड्या शानदार क्रिकेटर है और अगर वह फिट रहता है और 135 की रफ्तार से गेंद डालता है तो उसका सामना करना हमेशा कठिन है. वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में से है.’’
पांड्या ने यह कहकर खुद को डब्ल्यूटीसी फाइनल से बाहर कर लिया कि यहां तक पहुंचने के भारत के सफर में एक प्रतिशत योगदान भी नहीं देने के बाद किसी और की जगह लेना अनुचित होगा. यह पूछने पर कि क्या पांड्या ने आसानी से टेस्ट क्रिकेट छोड़ दिया, क्लूजनर ने कहा ,‘‘ शायद. किसी भी क्रिकेटर के लिये सबसे बड़ी कसौटी टेस्ट क्रिकेट होता है. टेस्ट क्रिकेट में इतने बदलाव भी नहीं आये हैं लेकिन मैं समझ सकता हूं कि समय भी बदल गया है.’’
क्लूजनर ने कहा कि भारत डब्ल्यूटीसी फाइनल में तेज गेंदबाजी या स्पिन आधारित आक्रमण उतार सकता है. उन्होंने कहा ,‘स्पिन पारंपरिक तौर पर भारत की ताकत रहा है. उनके पास ऐसा आक्रमण है जो किसी भी पिच पर अच्छा खेल सकता है. तेज गेंदबाजों ने भी पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है और यही वजह है कि वे लगातार दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचे हैं. अब हरी भरी पिच पर भी वे बेहतरीन खेल दिखाते हैं.’’
डब्ल्यूटीसी फाइनल में प्रबल दावेदार के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ यह कहना कठिन है. यह ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों और भारत के बल्लेबाजों का मुकाबला होगा. इसमें जो जीतेगा, वही विजेता होगा.’’