×

लंबे वक्त से थीं होल्डर पर निगाहें, यूं ही नहीं GT ने खर्च किए 7 करोड़- पार्थिव ने अब पूरा राज खोल दिया

जेसन होल्डर के पास काफी अनुभव है. और उनका हालिया प्रदर्शन भी अच्छा रहा है. इसी वजह से गुजरात टाइटंस ने उनके लिए 7 करोड़ रुपये खर्च किए. टीम के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने आईपीएल नीलामी में टीम की रणनीति का खुलासा किया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 17, 2025 10:47 PM IST

नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर जेसन होल्डर का नाम एक बार फिर सुना जा रहा है. वजह है दो साल उनकी इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी. मंगलवार को अबू धाबी में हुए आईपीएल ऑक्शन 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम ने इस खिलाड़ी को 7 करोड़ रुपये देकर खरीदा. लेकिन यह अचानक नहीं हुआ. टीम ने काफी वक्त से इस खिलाड़ी पर नजर रखी हुई थी.

गुजरात टाइटंस (जीटी) के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने बताया कि फ्रेंचाइजी पिछले डेढ़ साल से इस कैरेबियाई खिलाड़ी पर नजर बनाए हुए थी. होल्डर को खरीदने पर पार्थिव पटेल ने बताया, ‘हमने पिछले डेढ़ साल से जेसन होल्डर पर नजर बनाए रखी थी. वह टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने सभी लीग में जहां भी खेला है, वह बेहतरीन रहे हैं. गुजरात टाइटंस हमेशा अनुभवी खिलाड़ियों की तलाश करता है. हम सभी जानते हैं कि जेसन होल्डर कितने अनुभवी हैं.’

पार्थिव यूं ही होल्डर के खेल पर बात नहीं कर रहे हैं. इस साल अब तक वह 65 T20 मैचों की 50 पारियों 61 छक्के लगा चुके हैं. साल 2025 में होल्डर ने 512 बॉल पर 819 रन बनाए हैं. और 90 विकेट भी लिए हैं.

34 साल का यह ऑलराउंडर दुनियाभर में टी20 लीग खेलता है. और अभी तक लीग और इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में कुल मिलाकर उन्होंने 326 मैचों में 345 विकेट लिए हैं. होल्डर बल्ले से भी अपनी उपयोगिता साबित करते रहे हैं. 242 पारियों में 3,133 रन बनाए हैं. उन्होंने चार हाफ सेंचुरी लगाई हैं और उनका स्ट्राइक रेट 134.92 का रहा है. इसके साथ ही होल्डर को इंटरनेशनल क्रिकेट का भी लंबा अनुभव है. वेस्टइंडीज के लिए 86 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 82 पारियों में 97 विकेट लिए हैं और 135 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 746 रन बनाए हैं.

होल्डर इससे पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं. वह CSK, SRH, KKR, LSG, और RR की टीमों का हिस्सा रहे हैं. IPL में खेले 46 की 27 पारियों में 259 रन बनाने के साथ-साथ उन्होंने 53 विकेट भी लिए हैं.

अशोक शर्मा को 90 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ने पर गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने कहा, ‘हम सभी को लगता है कि अशोक शर्मा जिस तरह से तेज गेंदबाजी कर रहे हैं, वह बहुत ही शानदार है. हम टीम में एक अनकैप्ड तेज गेंदबाज को लाना चाहते थे. हमें अच्छा लग रहा है कि एक युवा तेज गेंदबाज हमारी टीम में आया है.’

फ्रेंचाइजी ने पृथ्वीराज यारा को 30 लाख रुपए में खरीदा है. उनकी तारीफ में पार्थिव पटेल ने कहा, ‘वह काफी समय से फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेल रहे हैं. बीच में उन्हें चोट भी लगी थी. वह हमारे लिए एक बाएं हाथ के गेंदबाज का वेरिएशन लाते हैं. हमें लगा कि ये दोनों बहुत ही शानदार गेंदबाज हैं. हम उन्हें अपनी टीम में लाकर खुश हैं.’

आईपीएल 2026 के लिए गुजरात टाइटंस की टीमः

रिटेंशनः अनुज रावत, ग्लेन फिलिप्स, गुरनूर सिंह बराड़, ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद अरशद खान, निशांत सिंधु, प्रसिद्ध कृष्णा, साई किशोर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, जयंत यादव, जोस बटलर, कगिसो रबाडा, कुमार कुशाग्र, मानव सुथार, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर.

TRENDING NOW

नीलामी में खरीदारी: जेसन होल्डर (7 करोड़ रुपए), टॉम बैंटन (2 करोड़ रुपए), अशोक शर्मा (90 लाख रुपए), ल्यूक वुड (75 लाख रुपए) और पृथ्वी राज (30 लाख रुपए).