कप्तान कमिंस के 'वीरू' बने इशान, पहले कप्तानी फिर बल्लेबाजी में मचा रहे धमाल
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अपने शानदार खेल के दम पर प्लेऑफ में पहुंच चुकी है. टीम में कमिंस और किशन की बॉन्डिंग शानदार दिख रही है.
Published On May 19, 2026, 01:42 PM IST
Last UpdatedMay 19, 2026, 01:42 PM IST
Pat Cummins and Ishan Kishan
Pat Cummins and Ishan Kishan Bonding: सनराइजर्स हैदराबाद एक ऐसी टीम जिसकी इस सीजन की शुरुआत देख शायद ही कोई ऐसा फैन होता जो यह मानता की ये टीम प्लेऑफ में पहुंचेगी और अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित करेगी. इस टीम ने शुरुआती हार से अच्छा सबक सीखा और मैच दर मैच खुद को एक अपराजय टीम बनाते चली गई. आईपीएल के शुरुआती फेज में टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट की वजह से टीम के साथ जुड़ नहीं पाए थे.
उस वक्त टीम की कप्तान इशान किशन के हाथों में थी. किशन को शुरुआती मुकाबले में भले ही हार मिली हो पर टीम को वापस जीत की पटरी पर लाने का काम किशन ने ही किया. वहीं कमिंस के आने के बाद इशान वीरू की तरह लगातार टीम का साथ देते रहे और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करना जारी रखा.
इशान ने निभाई वीरू की भूमिका
भारत की लोकप्रिय फिल्म ‘शोले’ में जय-वीरू की दोस्ती काफी मशहूर रही. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में भी पैट कमिंस और इशान किशन की दोस्ती जय-वीरू की तरह नजर आ रही है. दोनों टीम के लिए अपना पूरा दमखम दिखा रहे हैं. कमिंस जहां गेंदबाजी और कप्तानी से टीम की जीत दिला रहे हैं तो वहीं इशान किशन तो बल्ले से एक अलग ही रौद्र रूप में आते हैं और धमाका करते हैं. इन दोनों का कॉम्बिनेशन हैदराबाद के फैंस को काफी पसंद आ रहा है. फैंस इस जोड़ी से काफी खुश नजर आ रहे हैं.
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं इशान किशन
इशान किशन का बल्ला आईपीएल में जमकर आग उगल रहा है. किशन मैच दर मैच गेंदबाजों की जमकर खबर ले रहे हैं. उनके सामने अब तक कोई भी गेंदबाज ज्यादा मजबूत स्थिति में नजर नहीं आया है. किशन मैदान के हर ओर एक से बढ़कर एक शॉट लगा रहे हैं.
किशन के शानदार फॉर्म की वजह से ही सनराइजर्स की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है. फैंस यही चाह रहे हैं किशन का फॉर्म इसी तरह बना रहे और वह पूरे सीजन बल्ले से धमाका करते हुए दूसरी बार टीम को चैंपियन बनाए. बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम फिलहाल 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है. हैदराबाद के पास अभी भी एक मुकाबला बचा है. टीम अगर यह मैच जीत जाएगी तो वह 18 अंक के साथ पहले या दूसरे पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंच सकती है.