• Home
  • News
  • Pat Cummins Set to Join SRH Team on 17th April and Dilshan Madushanka

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2 बड़ी खबरें, चेन्नई के खिलाफ मुकाबले से पहले होंगे हौसले बुलंद

सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी दो बड़ी खबरें हैं. एक टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस जल्द ही टीम के साथ जुड़सकते हैं. और दूसरी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को लेकर है.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 14, 2026, 09:39 PM IST

Published On Apr 14, 2026, 09:39 PM IST

Last UpdatedApr 14, 2026, 09:39 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बहुत अच्छी खबर आ रही है. नियमित कप्तान पैट कमिंस 17 अप्रैल को टीम के साथ जुड़ सकते हैं. इससे अगले दिन सनराइजर्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच खेलना है.

कमिंस लंबे समय से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं. इसी चोट की वजह से वह टी20 वर्ल्ड कप में भी नहीं खेले थे. कमिंस इस चोट की वजह से एशेज के भी चार मैच नहीं खेले थे. उन्होंने ऐडिलेड में हुआ तीसरा टेस्ट मैच ही खेला था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

क्रिकबज की रिपोर्ट कहती है कि कमिंस को ऑस्ट्रेलिया में फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा. और पूरी उम्मीद है कि वह उसमें पास हो जाएंगे. और इसके बाद उन्हें फिट घोषित कर दिया जाएगा और वह खेलने के लिए उपलब्ध होंगे. कमिंस की गैर-मौजूदगी में ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं.

कमिंस 27 मार्च को भारत आए थे लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम के मैच के बाद वह ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे. सीजन की शुरुआत से पहले ही कमिंस ने कह दिया था कि उन्हें उम्मीद है कि वह सीजन के दूसरे हाफ में खेल पाएंगे.

उन्होंने कहा था, ‘मैंने गेंदबाजी शुरू कर दी है. मैं इस वक्त हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं. हमने एक प्लान तैयार किया है और उम्मीद है कि मैं टूर्नामेंट के बीच में लौट आऊंगा. तो उम्मीद है कि अगर कुछ गलत नहीं हुआ तो मैं टूर्नामेंट के आधे हिस्से और फाइनल में खेलूंगा.’

इस बीच यह भी खबर है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने श्रीलंका के बाएं हाथ के पेसर दिलशान मधुशनका को ब्रायडन क्रास के इंजुरी रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम के साथ जोड़ा है. मधुशनका 75 लाख रुपये की कीमत पर सनराइजर्स की टीम का हिस्सा बने हैं.

क्रास को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2026 की नीलामी से पहले रीटेन किया था. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से पहले नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए उनके हाथ में चोट लग गई थी. सनराइजर्स हैदराबाद के कोच डेनियल विटोरी को उम्मीद थी कि कार्स फिट हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

मधुशनका ने 1 टेस्ट, 28 वनडे इंटरनेशनल और 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका के लिए 70 विकेट लिए हैं. उन्होंने आईपीएल में अभी तक कोई मैच नहीं खेला है. मुंबई इंडियंस ने 2024 के सीजन में उन्हें खरीदा था लेकिन हैमस्ट्रिंग में चोट के चलते वह सीजन से बाहर हो गए थे.

फिलहाल सनराइजर्स की टीम पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ चौथे पायदान पर है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick