अर्शदीप सिंह के सोशल मीडिया से गायब 200 पोस्ट, विराट कोहली के साथ वायरल रील भी नदारद
अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहते हैं. लेकिन आईपीएल के दौरान उनके पोस्ट पर काफी नजर रही. और तिलक वर्मा पर उनके कॉमेंट से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा.
Published On May 26, 2026, 02:05 PM IST
Last UpdatedMay 26, 2026, 02:05 PM IST
अर्शदीप सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट कर दीं खाली
पंजाब किंग्स के स्टार पेसर अर्शदीप सिंह को आप सोशल मीडिया पर बहुत ऐक्टिव देखते हैं. वह अकसर साथी खिलाड़ियों के साथ हंसी-मजाक के रील बनाते रहते हैं. लेकिन अब खबर है कि उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 200 पोस्ट हटा दी है. इसमें विराट कोहली के साथ बनाई गई उनकी वह रील भी शामिल है जो काफी पसंद की गई थी. दिसंबर 2025 में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के दौरान कोहली के साथ रील बनाई थी.
इस रील में अर्शदीप ने विराट कोहली से मजाक में कहा था कि विपक्षी टीम ने स्कोर कम बनाया था इस वजह से कोहली अपनी सेंचुरी पूरी नहीं कर पाए. इसके बाद कोहली ने अर्शदीप को रोस्ट करते हुए कहा था कि अगर भारत टॉस न जीतता तो अर्शदीप गेंदबाजी में 100 रन दे देते.
आईपीएल 2026 के दौरान अर्शदीप की सोशल मीडिया ऐक्टिविटी काफी चर्चा में रही. उन्होंने तिलक वर्मा पर रंगभेदी टिप्पणी भी की थी जिसकी सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी. उन्होंने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज को अंधेरा कहा था. साथ ही उन्होंने तिलक वर्मा को सनस्क्रीन लगाने की सलाह भी दी थी. अर्शदीप सिंह ने नमन धीर को पंजाब का नूर भी कहा था. जिसके बाद अर्शदीप ऑनलाइन यूजर्स के निशाने पर आ गए थे.
अर्शदीप ने सोशल मीडिया की सफाई का यह काम टीम के प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाने के बाद किया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने आईपीएल 2026 की शुरुआत बहुत अच्छी की थी. पहले सात मैचों में टीम कोई मैच नहीं हारी थी. टीम ने छह मैच जीते थे और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उसे अंक बांटने पड़े थे. और ऐसा लग रहा था कि पंजाब किंग्स की टीम आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन बहुत खराब हो गया. टीम लगातार छह मैच हारी. और उसके लिए अंतिम चार की राह मुश्किल हो गई. लेकिन लखनऊ सुपर जायंटस के खिलाफ मैच में श्रेयस अय्यर की सेंचुरी के दम पर पंजाब किंग्स ने जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा. हालांकि राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर जीत के साथ ही पंजाब की अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं.
अर्शदीप सिंह आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे. हालांकि इस दौरान वह काफी महंगे साबित हुए. उन्होंने 14 मैचों में 14 विकेट लिए. उनका रनरेट 10.20 का रहा.