- Home
- News
- PBKS vs DC: Shreyas Iyer Blamed Bowlers And Fielder for Fourth defeat in a Row in IPL 2026
IPL 2026: 'घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं...',श्रेयस अय्यर ने सीधे-सीधे शब्दों में किसे ठहराया हार का जिम्मेदार
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद श्रेयस अय्यर की निराशा आसमान पर थी. उन्होंने खुलकर सीधे शब्दों में हार के कारणों पर चर्चा की. अय्यर ने बताया कि आखिर क्या वजह है कि उनकी टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है.
Published On May 12, 2026, 07:38 AM IST
Last UpdatedMay 12, 2026, 07:38 AM IST
धर्मशाला: ऐसा लगता है कि पंजाब किंग्स की टीम ने समय से पहले पीक हासिल कर ली थी. आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने अपने सात मैचों में से एक भी नहीं हारा था. छह मैच जीते थे और एक मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था. लेकिन उसके बाद टीम लगातार हार रही है. और सोमवार, 11 मई को टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा. इंडियन प्रीमियर लीग में कभी चोटी पर बैठी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम अब चौथे स्थान पर है. और टीम की खामियां खुलकर सामने आ रही हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली इस हार के बाद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के लिए एक बार फिर खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को जिम्मेदार माना.
पंजाब किंग्स ने दिल्ली के सामने 211 रन का टारगेट रखा था. दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. कैपिटल्स ने 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. और ऐसा लग रहा था कि आज दिल्ली भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी. लेकिन यहां से कप्तान अक्षर पटेल ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन की पार्टनरशिप की. पटेल ने 30 गेंद पर 8 चौकों और दो छक्कों की मदद से 56 रन बनाए. वहीं मिलर ने 28 गेंद पर चार छक्के और तीन चौके लगाते हुए 51 रन की पारी खेली. दिल्ली को आखिर में माधव तिवारी और आशुतोष शर्मा की छोटी मगर तेज पारियों ने काफी मदद की. अंत में दिल्ली ने एक ओवर बाकी रहते हुए सात विकेट पर 216 रन बनाकर मैच जीत लिया. आकिब नबी ने लगातार दो बाउंड्री लगाकर दिल्ली को लक्ष्य के पार पहुंचाया.
पंजाब ने कप्तान अय्यर (36 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 59 रन) और प्रियांश आर्य (33 गेंद में छह छक्कों और दो चौकों से 56 रन) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 210 रन बनाए थे।
अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘बात को घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं है लेकिन एक बार फिर क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी ने निराश किया.’ अय्यर ने हालांकि कहा कि उन्होंने प्रतिस्पर्धी स्कोर से अधिक रन बनाए थे.
पंजाब के कप्तान ने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस विकेट पर यह 30 रन अधिक थे. यह देखते हुए कि गेंद कैसे सीम कर रही थी और उछाल भी असमान था.’
स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी का मौका नहीं देने पर अय्यर ने कहा, ‘इस बारे में सोचा तो था लेकिन जिस तरह से गेंद सीम कर रही थी, अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ सही रखी होती तो शायद हमें विकेट मिल जाते. लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए. मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ या शॉर्ट ऑफ हार्ड लेंथ सबसे अच्छी गेंद होती है.’