×

पाकिस्तान की फिर हुई बेइज्जती, टी20 विश्व कप से जुड़ा है मामला, आईसीसी पर भड़का पीसीबी

पीसीबी सूत्र ने कहा, भले ही पाकिस्तान आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका एक समृद्ध इतिहास है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 14, 2025 7:06 AM IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अगले साल भारत-श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप के टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में अपने कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर नहीं होने को लेकर नाराजगी जाहिर की है. पीसीबी ने आईसीसी पर अपना गुस्सा निकाला है.

पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि इस मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया गया है क्योंकि प्रचार पोस्टर में केवल पांच कप्तानों की तस्वीर है, इसमें सूर्यकुमार यादव (भारत), एडेन मार्कराम (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), दासुन शनाका (श्रीलंका) और हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) शामिल है. सूत्र ने कहा, कुछ महीने पहले एशिया कप के दौरान भी हमें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था, उस समय प्रसारकों ने हमारे कप्तान की तस्वीर के बिना ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया था.

एशिया कप के दौरान भी हुआ था विवाद

उन्होंने बताया कि पीसीबी की एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) से बात करने के बाद ही स्थिति में बदलाव आया. उन्होंने कहा, ‘इस बार भी हमें ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि आईसीसी ने टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में हमारे कप्तान की तस्वीर नहीं लगाई है. उन्होंने कहा कि भले ही पाकिस्तान आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका एक समृद्ध इतिहास है और वह विश्व कप में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली टीमों में से एक है.

उन्होंने कहा कि पीसीबी को पूरा भरोसा है कि आईसीसी प्रचार पोस्टर और अभियानों में पाकिस्तानी कप्तान को जरूर शामिल करेगी.

TRENDING NOW

इनपुट- भाषा