BBL 2025-26: पर्थ स्कॉर्चर्स ने रिकॉर्ड छठी बार जीता बिग बैश लीग का खिताब
सिडनी सिक्सर्स पारी की अंतिम गेंद पर 132 के स्कोर पर सिमट गई, पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम ने 17.3 ओवरों में खिताबी मैच अपने नाम कर लिया.
Published On Jan 25, 2026, 05:39 PM IST
Last UpdatedJan 25, 2026, 05:39 PM IST
BBL 2025-2026
BBL 2025-26 Final: पर्थ स्कॉर्चर्स ने रिकॉर्ड छठी बार बिग बैश लीग (BBL) खिताब अपने नाम कर लिया है. रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स ने सिडनी सिक्सर को छह विकेट से हरा दिया. इससे पहले पर्थ स्कॉर्चर्स ने 2013/14, 2014/15, 2016/17, 2021/22 और 2022/23 का खिताब अपने नाम किया था.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सिडनी सिक्सर्स पारी की अंतिम गेंद पर 132 के स्कोर पर सिमट गई. टीम को डेनियल ह्यूज (7) के रूप में पहला झटका लगा. जोश फिलिप ने स्टीव स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। स्मिथ 13 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद फिलिप ने कप्तान मोइसेस हेनरिक्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े. फिलिप और हेनरिक्स 24-24 रन बनाकर आउट हुए.
पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए झाय रिचर्डसन और डेविड पायने ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि महली बियर्डमैन ने 2 विकेट निकाले. आरोन हार्डी को एक सफलता हाथ लगी.
पर्थ स्कॉर्चर्स ने 17.3 ओवरों में जीता मुकाबला
इसके जवाब में पर्थ स्कॉर्चर्स ने 17.3 ओवरों में खिताबी मैच अपने नाम कर लिया. इस टीम को मिचेल मार्श और फिन एलन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई, दोनों खिलाड़ियों ने 50 गेंदों में 80 रन की साझेदारी की, फिन 22 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए, कुछ देर बाद टीम ने आरोन हार्डी (5) का विकेट भी खो दिया.
इसके बाद मार्श ने जोश इंगलिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन जुटाकर टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया. मार्श 43 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जोश ने मोर्चा संभाला, जोश इंगलिस ने 29 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से सीन एबॉट ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, इनके अलावा, मिचेल स्टार्क और जैक एडवर्ड्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.