- Home
- News
- Phil Salt Virat Kohli rajat Patidar fifties power RCB to Win against Mumbai Indians in IPL 2026
IPL 2026: फिल साल्ट- रजत पाटीदार की तूफानी पारी से आरसीबी की धमाकेदार जीत, मुंबई इंडियंस को मिली तीसरी हार
आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 241 रन लक्ष्य रखा था, मुंबई की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 222 रन ही बना सकी.
Published On Apr 12, 2026, 11:53 PM IST
Last UpdatedApr 12, 2026, 11:53 PM IST
RCB Win
आरसीबी की टीम ने फिल सॉल्ट (78 रन), कप्तान रजत पाटीदार (53 रन) और विराट कोहली (50 रन) के अर्धशतकों की बदौलत आईपीएल 2026 में रविवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया. आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 241 रन लक्ष्य रखा था, मुंबई की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 222 ही रन बना सकी. आरसीबी की टीम की यह तीसरी जीत है और टीम छह अंक के साथ प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है.
241 रन के टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने शानदार शुरुआत की. पहले पांच ओवर में मुंबई इंडियंस ने 56 रन बना लिए. रोहित शर्मा 17 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. रियान रिकेल्टन 37 रन (22 गेंद) और तिलक वर्मा (01) एक ही ओवर में सुयश शर्मा का शिकार बने.
सूर्य कुमार यादव (22 बॉल में 33 रन) और हार्दिक पांड्या (22 बॉल में 40 रन) की तेजतर्रार पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को मैच में बनाए रखा. सूर्य कुमार यादव क्रुणाल पांड्या का शिकार बने, वहीं हार्दिक पांड्या का विकेट जैकब डफी के नाम रहा. नमन धीर (01 रन) रासिख डार सलाम पर आउट हुए. शेरफेन रदरफोर्ड (31 बॉल में नाबाद 71 रन) ने आखिरी ओवर में तेजी से रन बनाए, मगर वह टीम को जीत नहीं दिला सके. मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 में यह तीसरी हार है.
फिल साल्ट- विराट कोहली के बीच 120 रन की ओपनिंग साझेदारी
इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को फिल साल्ट और विराट कोहली ने दमदार शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 10.5 ओवर में 120 रन जोड़े. साल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए और उन्होंने महज 36 गेंदों में 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 78 रनों की दमदार पारी खेली, अपनी इस पारी में साल्ट ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, दूसरे छोर पर कोहली एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए, और उन्होंने 38 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए.
रजत पाटीदार का तूफानी अर्धशतक
कप्तान रजत पाटीदार ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की, उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की शानदार पारी खेली, रजत ने अपनी इस पारी में 265 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 5 छक्के लगाए. जितेश शर्मा 9 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 10 रन ही बना सके, हालांकि, अंत के ओवरों में टिम डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए, रोमारियो शेफर्ड दो रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में मुंबई इंडियंस की तरफ से ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट चटकाया.