IPL 2026: लखनऊ सुपरजायंट्स पर कहर बनकर टूटे प्रसिद्ध कृष्णा, बटलर- गिल ने बल्ले से मचाया धमाल

लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट पर 164 रन पर रोकने के बाद गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Apr 12, 2026, 08:16 PM IST

Published On Apr 12, 2026, 08:16 PM IST

Last UpdatedApr 12, 2026, 08:16 PM IST

Prasidh Krishna

Prasidh Krishna

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (चार ओवर में 28 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर की कमाल की बल्लेबाजी से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से शिकस्त दी. लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट पर 164 रन पर रोकने के बाद गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर चार मैचों में दूसरी जीत दर्ज की.

गिल ने 40 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाने के अलावा पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन (15) के साथ 31 गेंद में 45 और दूसरे विकेट के लिए जोस बटलर (60) के साथ 58 गेंद में 84 रन की साझेदारी की. बटलर ने 37 गेंद की पारी में 11 चौके लगाए. सुपर जायंट्स के लिए दिग्वेश राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव को एक-एक सफलता मिली.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

गुजरात के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

इससे पहले प्रसिद्ध को मोहम्मद सिराज (चार ओवर में 19 रन पर एक विकेट) और अशोक शर्मा (चार ओवर में 32 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। कागिसो रबाडा को भी एक सफलता मिली, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 54 रन लुटाए. राशिद खान ने चार ओवर में 25 रन दिए. सुपर जायंट्स के लिए एडेन मारक्रम ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया. कप्तान ऋषभ पंत (18), निकोलस पूरन (19), अब्दुल समद (18) और मुकुल चौधरी (18) ने क्रीज पर समय बिताने के बाद अपने विकेट गंवा दिए. बडोनी की जगह ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर आए लिंडे (10 गेंद में 16 रन) और मोहम्मद शमी (पांच गेंद में नाबाद 12) ने आखिरी दो ओवरों में 33 रन बटोरकर टीम को 164 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया

शुभमन गिल ने पूरे किए चार हजार रन

लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइटंस के सलामी बल्लेबाजों ने रक्षात्मक नीति अपनाते हुए शुरुआती चार ओवरों में सिर्फ 25 रन बनाए. शुभमन गिल ने पांचवें ओवर में शमी के खिलाफ छक्का और तीन चौके लगाकर ओवर से 20 रन बटोरे, गिल ने इस दौरान आईपीएल में अपने 4000 रन पूरे किए. अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए आए राठी ने पहली ही गेंद पर सुदर्शन को चलता किया, क्रीज पर आए बटलर ने इसी ओवर में चौके से टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. राठी के अगले ओवर में पंत ने बटलर का आसान कैच टपका कर उन्हें जीवनदान दिया,

शुभमन गिल- जोस बटलर का अर्धशतक

गिल ने दूसरे छोर से जॉर्ज लिंडे के खिलाफ चौका लगाया, तो वहीं बटलर ने जोखिम लिए बिना आवेश और राठी की गेंदों को बाउंड्री के पार भेजा. गिल ने 12वें ओवर में आवेश खान के खिलाफ एक रन चुराकर 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, तो वहीं बटलर ने ओवर का समापन हैट्रिक चौकों से किया।उन्होंने लिंडे की गेंद पर एक रन दौड़कर 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, टी20 प्रारूप में यह बटलर का 100वां अर्धशतक है. प्रिंस ने गिल को, तो वहीं शमी ने बटलर को आउट कर टाइटंस को सात गेंद के अंदर दो झटके देकर टीम की वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) और राहुल तेवतिया (नाबाद 10) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने की औपचारिकता पूरी की.

Editor's Pick