- Home
- News
- Pravin tambe says cpl franchise trinbago knight riders have picked him franchise unaware 4071252
प्रवीण तांबे बोले-जब BCCI अपने टूर्नामेंट में मुझे खेलने से रोकेगी तो मैं विदेशी लीग में क्यों नहीं खेलूं
एक ओर जहां सीपीएल और फ्रेंचाइजी को अभी तक घोषणा करना बाकी है वहीं तांबे ने एक इंटरव्यू में कहा है कि त्रिनिबागो नाइट राइडर्स ने उन्हें खरीद लिया है
Published On Jun 30, 2020, 07:40 AM IST
Last UpdatedJun 30, 2020, 07:40 AM IST
लेग स्पिनर प्रवीण तांबे ने दावा किया है कि उन्हें कैरिबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) फ्रेंचाइजी त्रिनिबागो नाइट राइडर्स ने अगले सीजन के लिए खरीद लिया है, लेकिन लीग के आयोजकों के साथ फ्रेंचाइजी ने साफ कर दिया है कि उसकी ओर से इस समय खिलाड़ी संबंधी किसी तरह की कोई घोषणा नहीं की गई है.
फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि खिलाड़ियों के ड्राफ्ट को लेकर इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है. अधिकारी ने कहा, ‘सीपीएल इस समय खिलाड़ियों से संबंधित कोई घोषणा नहीं कर रही है.’
अधिकारी से जब पूछा गया कि क्या खिलाड़ी से सीधा संपर्क हुआ है तो अधिकारी ने कहा कि इस बात की पुष्टि फ्रेंचाइजी से ही करनी होगी. उन्होंने कहा, ‘यह टीकेआर का सवाल है.’
जब फ्रेंचाइजी से संपर्क किया तो अधिकारी ने कहा कि फ्रेंचाइजी इस बात पर तभी टिप्पणी कर सकती है जब वह मामले को पूरी तरह से जान लेगी. अधिकारी ने कहा, ‘सीपीएल को खिलाड़ियों से संबंधित पुष्टि करनी है. हम तांबे को लेकर तभी कुछ कह सकते हैं जब हमें उस मामले में पुष्टि मिल जाएगी.’
टीकेआर की ओर से खरीदे जाने का किया दावा
एक ओर जहां सीपीएल और फ्रेंचाइजी को अभी तक घोषणा करना बाकी है वहीं तांबे ने अंग्रेजी अखबार ‘इंडियन एक्सप्रेस’ को दिए गए इंटरव्यू में कहा है कि त्रिनिबागो नाइट राइडर्स ने उन्हें खरीद लिया है.
बकौल तांबे, ‘मैं फिट हूं और चूंकि बीसीसीआई मुझे अपने टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने की मंजूरी नहीं देगी तो मैं दूसरी लीगों में क्यों नहीं खेलूं. मैं बाहर खेलने के लिए योग्य हूं और मुझे त्रिनिबागो ने खरीदा है. मैं वहां जाने से पहले सभी तरह की सावधानियां बरतूंगा और प्रोटोकॉल्स का पालन करूंगा.’
विदेशी लीग में खेलने के लिए पहले संन्यास लेना होगा
जब तांबे से इस मसले पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस पर बात करने की स्थिति में नहीं हैं. तांबे को सीपीएल में खेलने के लिए एनओसी लेने के लिए संन्यास लेना होगा तभी वह बीसीसीआई के सामने अपना मामला रख पाएंगे बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि इसमें कोई हैरानी वाली बात नहीं है कि खिलाड़ी अब खेल से नहीं बल्कि देश से संन्यास ले रहे हैं. बीसीसीआई ने तांबे को आईपीएल में खेलने पर बैन कर दिया है.