- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Prendergast’s half-century powers Ireland to historic six-wicket win over West Indies womens t20 world cup 2026
उलटफेर का शिकार हुई वेस्टइंडीज, विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने जीता पहला मैच
महिला टी20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया. आयरलैंड को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली जीत नसीब हुई है. वहीं इस हार के साथ ही वेस्टइंडीज के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है.
Published On Jun 27, 2026, 11:02 PM IST
Last UpdatedJun 27, 2026, 11:02 PM IST
महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में आयरलैंड की महिला टीम ने इतिहास रच दिया है. काउंटी ग्राउंड पर खेले गए मैच में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की. टी20 विश्व कप के इतिहास में आयरलैंड को पहली जीत मिली है. वहीं इस हार के साथ ही वेस्टइंडीज के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह थोड़ी कठिन हो गई है. क्योंकि न्यूजीलैंड के आखिरी मैच जीतने पर वेस्टइंडीज का सफर इस टूर्नामेंट से खत्म हो जाएगा.
ग्रुप-बी से इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है. जबकि श्रीलंका, स्कॉटलैंड और आयरलैंड खिताबी दौड़ से बाहर है. वेस्टइंडीज (-0.147) 5 में से 3 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है. वहीं, न्यूजीलैंड (+0.122) 4 में से 2 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है.
सिर्फ 128 रन ही बना सकी थी वेस्टइंडीज
ब्रिस्टल में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर सिर्फ 128 रन बनाए. इस टीम को 27 के स्कोर तक 2 झटके लग गए थे. यहां से स्टेफनी टेलर ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कप्तान हेली मैथ्यूज के साथ 23 रन और डिएंड्रा डॉटिन के साथ 22 रन की साझेदारी की.
कप्तान मैथ्यूज 22 रन बनाकर आउट हुईं. जबकि डॉटिन ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. टेलर 26 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं. वहीं, चिनेल हेनरी ने 21 गेंदों में 3 चौकों के साथ नाबाद 27 रन की पारी खेली. विपक्षी खेमे से एमी मैगुइरे और कारा मरे ने 2-2 विकेट हासिल किए. जबकि ओर्ला प्रेंडरगास्ट, अर्लीन केली और जेन मैगुइरे ने 1-1 विकेट निकाला.
आयरलैंड ने रचा इतिहास
आयरलैंड की टीम ने 18.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. एमी हंटर ने कप्तान गैबी लुईस के साथ पहले विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की. गैबी महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. जिसके बाद एमी ने ओर्ला प्रेंडरगास्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 62 रन जोड़कर टीम को 88 के स्कोर तक पहुंचा दिया.
एमी हंटर 32 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके की मदद से 28 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. जिसके बाद रेबेका स्टोकेल (नाबाद 16) ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 11 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई. इस बीच ओर्ला प्रेंडरगास्ट 44 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. विपक्षी खेमे से अश्वमिनी मुनिसार ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए. जबकि हेली मैथ्यूज और एफी फ्लेचर को 1-1 विकेट हाथ लगा.