- Home
- News
- Prithvi Shaw: Under the guidance of coach Rahul Dravid Indian team is ready for Under-19 World Cup
कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप के लिए तैयार है: पृथ्वी शॉ
न्यूजीलैंड में हो रहा आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का पहला मैच 13 जनवरी को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा।
Published On Jan 08, 2018, 12:05 PM IST
Last UpdatedJan 08, 2018, 12:05 PM IST
पृथ्वी शॉ © Getty Images (File Photo)
क्राइस्टचर्च। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने कहा कि कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में टीम की तैयारी अच्छी है और उनका लक्ष्य विश्व कप ट्रॉफी के साथ घर लौटना है। आईसीसी अंडर-19 विश्व कप आधिकारिक रूप से कल क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में रंगारंग कार्यक्रम के साथ शुरू हुआ। जिसमें न्यूजीलैंड की संस्कृति की झलक दिखाई गई।
अभ्यास मैच आज से शुरू हो जाएंगे जबकि टूर्नामेंट का पहला मैच 13 जनवरी को खेला जायेगा। विश्व कप के मैच क्राइस्टचर्च, क्वीन्सटाउन, तौरंगा और वहानगारेई के सात स्थलों पर खेले जाएंगे। पृथ्वी शॉ ने कहा, ‘‘हम यहां एक हफ्ते से हैं और हमने दो मैच भी खेले हैं। सब कुछ अच्छा चल रहा है, टीम की तैयारी अच्छी है। जाहिर तौर पर हमारा ध्यान विश्व कप जीतने पर है लेकिन हम 13 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच खेलने का इंतजार कर रहे हैं।’’
विश्व कप में भाग ले रही 16 टीमों के प्रतिनिधियों के अलावा क्राइस्टचर्च के पार्षद आरोन खेऑन, न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के अध्यक्ष डेब्बी हॉक्ले भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। टूर्नामेंट का फाइनल तीन फरवरी को तौरंगा में खेला जायेगा।