- Home
- News
- Priyansh Arya Prabhsimran Singh Shreyas Iyer Shine Punjab Kings beat SRH By six Wickets in IPL 2026
IPL 2026: प्रियांश, प्रभसिमरन और श्रेयस की दमदार पारी, पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया
पंजाब किंग्स की टीम सामने जीत के लिए 220 रन का टारगेट था, पंजाब की टीम ने 19वें ओवर में टारगेट को हासिल कर लिया.
Published On Apr 11, 2026, 07:16 PM IST
Last UpdatedApr 11, 2026, 07:16 PM IST
Punjab Kings win
PKBS VS RCB: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर की दमदार पारी से पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में जीत का सिलसिला जारी है. शनिवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हरा दिया. सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन यह तीसरी हार है.
सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (74 रन) के अर्धशतक और ट्रेविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा किया. पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर (33 गेंद, पांच चौके, पांच छक्के), प्रियांश आर्य (57) और प्रभसिमरन सिंह (51) के अर्धशतकों से इस लक्ष्य को 18.5 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया. सनराइजर्स हैदराबाद के बाएं हाथ के कलाई स्पिनर शिवांग कुमार ने पंजाब किंग्स के शुरूआती तीनों विकेट अपनी झोली में डाले लेकिन पंजाब किंग्स को जीत दर्ज करने से नहीं रोक सके, यह हैदराबाद की लगातार दूसरी हार है.
प्रियांश- प्रभसिमरन ने दिलाई पंजाब को विस्फोटक शुरुआत
प्रियांश (पांच चौके, पांच छक्के) और प्रभसिमरन (चार चौके, चार छक्के) ने मिलकर पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 93 रन जोड़े. सातवें ओवर में प्रियांश की पारी खत्म हुई, प्रियांश ने शिवांग की पहली ही गेंद पर डीप मिड विकेट के ऊपर से स्वीप शॉट लगाते हुए छक्का जड़ा, लेकिन जब उन्होंने लगातार दूसरी गेंद पर भी ऐसा ही करने की कोशिश की, तो गेंद सीधे क्षेत्ररक्षक के हाथों में समां गई. इस तरह दोनों के बीच 6.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 99 रन की भागीदारी का अंत भी हुआ.
प्रभसिमरन ने फिर नौंवे ओवर में शिवांग की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया पर अगली ही गेंद पर शिवांग की गुगली पर हेनरिक क्लासेन को कैच दे बैठे. ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद को प्रभसिमरन ने आगे बढ़कर हवा में खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के निचले हिस्से पर लगी और लांग ऑफ पर क्लासेन ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए एक बेहतरीन कैच लपक लिया.
शिवांग (33 रन देकर तीन विकेट) के दो झटकों से सनराइजर्स हैदराबाद को वापसी की उम्मीद जगी फिर इसी गेंदबाज ने 11वें ओवर में कूपर कोनोली (11 रन) की पारी का अंत किया, कोनोली ने पहली गेंद पर डीप मिडविकेट पर चौका लगाया लेकिन अगली ही गेंद को मिसटाइम करके आउट हो गए जिससे स्कोर तीन विकेट पर 128 रन था.
श्रेयस अय्यर ने खेली कमाल की पारी
इसके बाद कप्तान अय्यर ने कमाल की पारी खेली, उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर 24 गेंद में अर्धशतक जड़ा और यही दबदबा जारी रखा, 15 ओवर में पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 179 रन था और उसे जीत के लिए 30 गेंद में 41 रन बनाने थे, अय्यर ने 16वें ओवर में ईशान मलिंगा पर डीप कवर पर एक चौका तथा काउ कॉर्नर और डीप मिडविकेट पर दो छक्के जड़ दिए, जिससे टीम को 24 गेंद में महज 23 रन की जरूरत थी। अय्यर ने सात गेंद रहते टीम की जीत सुनिश्चित की.
अभिषेक- हेड के बीच 120 रन की ओपनिंग साझेदारी
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक की पांच चौके और आठ छक्के जड़ित 28 गेंद की पारी भी काम नहीं आ सकी. अभिषेक और हेड (23 गेंद में 38 रन) ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी निभाई. पंजाब किंग्स के गेंदबाज विजयकुमार विशाक काफी खर्चीले रहे जिनके पहले ही ओवर में अभिषेक ने चार छक्के जड़ दिए, अभिषेक ने इसी ओवर में 18 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया.
शशांक सिंह (तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट) की बदौलत वापसी की जिन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया. इससे नौवें ओवर की शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 120 रन पर पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 220 रन के अंदर ही सिमट गई. जेवियर बार्टलेट (चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट) ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज पांच रन दिए. ईशान किशन (17 गेंद में 27 रन) अर्शदीप की गेंद पर आउट हो गए जबकि हेनरिक क्लासेन (33 गेंद में 39 रन) अंतिम ओवर में आउट हुए