PSL में बॉल-टैम्परिंग, फखर जमान पर लग सकता है बैन, शाहीन अफरीदी ने मैच के बाद क्या कहा ?
कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर की शुरुआत में यह घटना हुई, जब ऑन-फील्ड अंपायर फैसल अफरीदी ने हारिस रऊफ से गेंद लेकर उसकी जांच की.
Published On Mar 30, 2026, 05:34 PM IST
Last UpdatedMar 30, 2026, 05:34 PM IST
PSL 2026
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) में बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर हंगामा मचा है. पाकिस्तान के बल्लेबाज फखर जमान पर पीसीबी एक्शन ले सकता है और उन पर कुछ मैचों का बैन भी लगाया जा सकता है. वहीं रविवार को खेले गए इस मैच के बाद प्रेजेंटेशन समारोह के दौरान लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी से इस घटना के बारे में सवाल पूछे गए, तो वे जवाब देने में हिचकिचाते हुए नज़र आए.
रविवार को पीएसएल 2026 में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स की टीम आमने-सामने हुई थी. यह घटना किंग्स की पारी के आखिरी ओवर की शुरुआत में हुई, जब ऑन-फील्ड अंपायर फैसल अफरीदी ने हारिस रऊफ से गेंद लेकर उसकी जांच की, इससे ठीक पहले गेंद शाहीन शाह अफरीदी और फखर के हाथों के बीच घूमी थी.फैसल ने दूसरे ऑन-फील्ड अंपायर शरफुद्दौला के साथ लंबी चर्चा की, और दोनों ने मिलकर गेंद को बदलने का फैसला किया, क्योंकि उन्हें लगा कि गेंद के साथ छेड़छाड़ की गई है.
प्रेंजेंटेशन समारोह में असहज हुए अफरीदी
मैच के बाद होने वाले प्रेजेंटेशन के दौरान, पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी रमीज राजा ने अफरीदी से इसे लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, हम देखेंगे कि क्या यह घटना कैमरे में कैद हुई है और फिर इस पर चर्चा करेंगे, असल में, पांच रन काट लिए गए हैं और अब हम कुछ नहीं कर सकते. हालांकि, इसके बाद भी रमीज ने बॉल-टैम्परिंग के आरोपों को लेकर शाहीन से लगातार सवाल पूछना जारी रखा. शाहीन ने बताया, आपको अंपायरों से पूछना चाहिए कि उन्होंने गेंद क्यों बदली, जब हमने उनसे पूछा कि उन्होंने गेंद क्यों बदली, तो उन्होंने हमसे वहां से चले जाने को कहा, जब वे फैसला ले रहे थे, तो अंपायरों ने हमसे यहां तक कि कप्तान से भी अनुरोध किया कि हम अपनी फील्डिंग की जगहों पर वापस चले जाएं.
मेरी तरफ से ऐसी कोई कोशिश नहीं की गई: अफरीदी
अफरीदी ने कहा, मैं सिर्फ अपने बारे में बात कर सकता हूं, मेरी तरफ से गेंद की स्थिति बदलने या ऐसा करने की कोशिश करने का कोई प्रयास कभी नहीं किया गया, मुझे बस इतना याद है कि जब मैं गेंद को सुखाने और चमकाने की कोशिश कर रहा था, तो अंपायरों ने हमसे कहा कि हम गेंद को अपनी शर्ट के अंदर रखकर न सुखाएं, वे किस पर आरोप लगा रहे हैं, जब तक हम उसका कोई सबूत नहीं देख लेते, मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ा फैसला है, मुझे किसी भी तरह की जांच के लिए नहीं बुलाया गया है.
फखर जमान पर लग सकता है बैन
वहीं इस मामले पर पीसीबी ने कहा है कि फखर जमान पर लेवल-III का अपराध करने का आरोप लगाया गया है, जिसके तहत PSL सीज़न में पहली बार नियम तोड़ने पर कम से कम एक मैच और ज़्यादा से ज़्यादा दो मैचों का बैन लग सकता है. मैच रेफरी रोशन महानामा अगले दो दिनों में इस मामले की सुनवाई करेंगे और फखर इस आरोप का बचाव करेंगे.