PSL ने लिया केकेआर के गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के खिलाफ कड़ा ऐक्शन, दो साल के लिए किया बैन
पाकिस्तान सुपर लीग ने कोलकाता नाइट राइडर्स के पेसर ब्लेसिंग मुजरबानी के खिलाफ कड़ा ऐक्शन लिया है. पीएसएल ने यह फैसला चिढ़कर लिया लगता है.
Published On Apr 14, 2026, 07:29 PM IST
Last UpdatedApr 14, 2026, 07:29 PM IST
blessing Muzarabani banned in PSL
पाकिस्तान सुपर लीग का हाल खराब है. उसके कई खिलाड़ियों ने इस लीग को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के साथ जुड़ने का फैसला किया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बात से खूब नाराज हुआ. पीएसएल छोड़कर आईपीएल से जुड़े खिलाड़ियों की लिस्ट में जिम्बाब्वे के पेसर ब्लेसिंग मुजरबानी भी हैं. और अब पाकिस्तान ने ब्लेसिंग मुजरबानी पर पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने पर दो साल का बैन लगा दिया है. इस फैसले का ऐलान मंगलवार को किया गया.
29 साल के इस पेसर को आईपीएल में नीलामी के दौरान किसी भी टीम ने नहीं चुना था. 29 साल के इस पेसर को पाकिस्तान सुपर लीग में भी किसी टीम ने नहीं चुना था. इसके बाद वह पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामबाद यूनाइटेड के साथ जुड़ गए. इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ऐसा ही बैन कार्बिन बॉश पर भी लगा चुका है. साउथ अफ्रीका के इस खिलाड़ी पर एक साल का बैन लगाया गया.
आईपीएल से न्योता आने के बाद मुजरबानी ने यूनाइटेड के साथ अपनी डील को खत्म किया और कोलकाता नाइट राइडर्स के जुड़ गए. मुजरबानी को बांग्लादेश के पेसर मुस्ताफिजुर रहमान की जगह शामिल किया गया. रहमान को केकेआर ने रिलीज कर दिया था.
मुजरबानी इस आईपीएल में केकेआर के लिए दो मैच खेल चुके हैं. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 41 रन देकर चार विकेट लिए. स्पेंसर जॉनसन और दासुन शनाका भी दो ऐसे खिलाड़ी थे जिन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग को छोड़ा था और आईपीएल से जुड़े थे. पीसीबी की ओर से उन पर भी ऐसा ऐक्शन लिया जा सकता है हालांकि अभी तक इसका ऐलान नहीं हुआ है.
टी20 विश्व कप में ब्लेसिंग मुजरबानी ने किया था अच्छा प्रदर्शन
ब्लेसिंग मुजरबानी ने टी20 विश्व कप 2026 में अच्छा प्रदर्शन किया था. उन्होंने जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी, मुजरबानी ने 13 विकेट लिए थे. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुजरबानी के 4 विकेट ने ही जिम्बाब्वे को ग्रुप स्टेज में जीत दिलाई थी.
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का शेड्यूल लगभग एक साथ है. आईपीएल 28 मार्च से शुरू हुआ. इसका फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा, जबकि पीएसएल 26 मार्च को शुरू हुआ और इसका फाइनल 3 मई को होगा.