- Home
- News
- PSL to be played behind closed doors amid West Asia conflict, Mohsin Naqvi issues apology to fans
PSL 2026 में दर्शकों की नो एंट्री, ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द, पीसीबी चीफ ने मांगी माफी
पीएसएल का एक नया कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा, जिसमें वेन्यू के तौर पर लाहौर और कराची शामिल होंगे.
Published On Mar 22, 2026, 06:35 PM IST
Last UpdatedMar 22, 2026, 06:35 PM IST
PSL 2026
PSL to be played behind closed Doors: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन खाड़ी युद्ध के बीच पेट्रोल जैसे संसाधनों को बचाने के लिए इसे सिर्फ दो ही वेन्यू पर खेला जाएगा. दर्शकों के लिए स्टेडियम के दरवाजे बंद रहेंगे, इसकी जानकारी रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट के प्रमुख मोहसिन नकवी ने दी है।
यह फैसला आठ फ्रेंचाइजी के साथ एक लंबी बैठक और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ परामर्श के बाद लिया गया है.
पीसीबी चीफ ने मांगी माफी
लाहौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नकवी ने कहा, पाकिस्तान सुपर लीग अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 26 मार्च को शुरू होगा, क्योंकि हमें इसकी विश्वसनीयता बनाए रखनी है, इसे बाद में आयोजित करने के लिए कोई और समय उपलब्ध नहीं था. नकवी ने कहा, मैं पेशावर के उन फैंस से माफी मांगता हूं, जिन्हें पहली बार पीएसएल मैच देखने का मौका मिलने वाला था, और मुझे उम्मीद है कि अगली बार उन्हें और अधिक मैच देखने को मिलेंगे.
फ्रेंचाइजी को मिलेगा मुआवजा
दर्शकों की अनुपस्थिति के कारण ‘गेट मनी’ (टिकटों की बिक्री से होने वाली आय) के नुकसान की भरपाई के लिए सभी फ्रेंचाइजी को वित्तीय मुआवजा दिया जाएगा. पीएसएल का एक नया कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा, जिसमें वेन्यू के तौर पर लाहौर और कराची शामिल होंगे.
इस वजह से लिया गया फैसला
सरकार की ओर से ईंधन की आपूर्ति को सख्ती से नियंत्रित किया जा रहा है, इसके चलते पेशावर, मुल्तान, रावलपिंडी और फैसलाबाद को कार्यक्रम से हटा दिया गया, ताकि ईंधन की खपत कम हो और संसाधनों की बचत हो सके. संसाधनों को बचाने के लिए भव्य उद्घाटन समारोह को रद्द कर दिया गया है. नकवी ने बताया कि मुकाबलों की तैयारी के लिए अधिकांश अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सोमवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद है. टेलीकॉमएशियास्पोर्ट्स की पिछली रिपोर्ट्स में बताया गया था कि विदेशी खिलाड़ियों, विशेष रूप से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को खाड़ी क्षेत्र से होकर पाकिस्तान पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, हालांकि, अब नकवी ने इस पर अलग राय दी है.
पीएसएल छोड़कर आईपीएल खेलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी और श्रीलंका के दासुन शनाका ने पीएसएल टीमों के साथ अनुबंध करने के बाद आईपीएल में शामिल होने का फैसला किया है. ऐसे में नकवी ने चेताया है कि जो विदेशी खिलाड़ी या तो मैच में शामिल नहीं होते हैं या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिक आकर्षक प्रस्तावों के लिए अपने पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट को बीच में ही छोड़ देते हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी