×

IPL ऑक्शन से पहले डि कॉक का तूफान, मुल्लांपुर में धुआं-धुआं कर दिया

IPL 2026 की नीलामी से पहले क्विंटन डि कॉक ने कमाल की पारी खेली. उन्होंने 90 रन बनाकर साफ मेसेज दिया है. डि कॉक को कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया था.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 11, 2025 10:48 PM IST

न्यू चंडीगढ़: IPL 2026 की नीलामी से पहले साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने कमाल की बल्लेबाजी की. बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 90 रन की धमाकेदार पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया. उन्होंने पांच चौके और सात छक्के लगाकर फ्रैंचाइजी टीमों को बड़ा मेसेज दिया है.

16 दिसंबर को आईपीएल की नीलामी होनी है. और डि कॉक ने खुद को 2 करोड़ के बेस प्राइस में रजिस्टर्ड किया है. डि कॉक बीते सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले थे. लेकिन इस साल की नीलामी से पहले इस पारी से उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया है. और अब नीलामी में उन पर कई टीमों की नजरें होंगी. डि कॉक ने विशाखापत्तनम में खेले गए वनडे मैच में भी सेंचुरी लगाई थी.

भारत ने मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया.

रीजा हैंड्रिक्स और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी ने 4.1 ओवरों में 38 रन जुटाए. रीजा 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से क्विंटन डी कॉक ने कप्तान एडेन मार्करम के साथ मोर्चा संभाला.

दोनों अनुभवी खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 83 रन की साझेदारी करते हुए मेहमान टीम को 121 के स्कोर तक पहुंचाया. मार्करम 26 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से क्विंटन डी कॉक ने देवाल्ड ब्रेविस के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की. क्विंटन 90 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए. उनकी 46 गेंदों की इस पारी में 7 छक्के और 5 चौके शामिल थे.

यह भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में किसी साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज की ओर से तीसरी सबसे बड़ी पारी थी. डेविड मिलर ने साल 2022 में गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में नाबाद 106 रन बनाए थे, जबकि रिली रोसो ने साल 2022 में इंदौर में भारत के विरुद्ध नाबाद 100 रन जड़े थे.

साउथ अफ्रीकी टीम 16.1 ओवरों में 160 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से डोनोवन फरेरा ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 213/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. फरेरा 16 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 30 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मिलर ने 1 छक्के और 2 चौकों के साथ नाबाद 20 रन की पारी खेली.

TRENDING NOW

टीम इंडिया की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट निकाला. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 54 रन लुटाए. इस दौरान उन्होंने एक ही ओवर में 13 गेंदें भी फेंकी.