- Home
- News
- R Ashwin imitates Rahul Dravid t20 world cup 2024 trophy celebration in front of him after won TNPL title
VIDEO: गुरू द्रविड़ के रंग में रंगे आर अश्विन, ट्रॉफी जीतकर किया कुछ ऐसा की फैंस को आई टी20 वर्ल्ड कप की याद
भारतीय टीम के फिरकी गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में तमिलनाडु प्रीमियर लीग का खिताब जीतकर राहुल द्रविड़ के अंदाज में जश्न मनाया. उन्होंने ऐसा राहुल द्रविड़ के सामने किया.
Published On Aug 05, 2024, 05:21 PM IST
Last UpdatedAug 05, 2024, 05:21 PM IST
Photo - X
चेन्नई. भारतीय टीम के दिग्गज फिरकी गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन इन दिनों इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर है. हालांकि अश्विन का धमाल क्रिकेट के मैदान पर अब भी जारी है. अश्विन हाल ही में तमिलनाडु प्रीमियर लीग में एक्शन में नजर आए थे. अश्विन की कप्तानी में रविवार को उनकी टीम डिंडीगुल ड्रैगन्स ने पहला टीएनपीएल का खिताब अपने नाम किया.
रविचंद्रन अश्विन की टीम को जीत के बाद लीग की ट्रॉफी भारत के पूर्व हेड कोच और दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ ने दी. राहुल द्रविड़ से ट्रॉफी लेकर रविचंद्रन अश्विन ने कुछ ऐसा किया जिसे देख फैंस को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ऐतिहासिक जीत की याद आ गई.
आर अश्विन ने उतारी राहुल द्रविड़ की नकल
दरअसल, रविचंद्रन अश्विन अपनी टीम डिंडीगुल की जीत के बाद पोडियम पर राहुल द्रविड़ से तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2024 का खिताब लेने पहुंचे. खिताब लेने के बाद अश्विन ने राहुल द्रविड़ के उस जश्न की नकल उतारी जो उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रॉफी के साथ मनाया था. आर अश्विन ने राहुल द्रविड़ से ट्रॉफी लेकर उसे ऊपर की ओर उठाया. ठीक इसी अंदाज में राहुल द्रविड़ ने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते हुए किया था.आर अश्विन को ऐसा करता देख राहुल द्रविड़ ने भी चौंकाने वाला रिएक्शन दिया था.रविचंद्रन अश्विन के इस खास अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. फैंस को अश्विन का यह खास अंदाज काफी पसंद आ रहा है.
अश्विन की टीम ने आसानी से जीता खिताबी मुकाबला
तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2024 फाइनल की बात करें तो लीग का खिताबी मुकाबला डिंडीगुल ड्रैग्नन्स और कोवई किंग्स के बीच खेला गया था. मुकाबले में अश्विन की टीम को 130 रनों का लक्ष्य मिला था. जिसे उनकी टीम ने 10 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. मुकाबले में आर अश्विन ने कमाल की बल्लेबाजी की उन्होंने 46 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रनों की बहुमूल्य पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाया.