add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

राधा यादव ने गेंद और बल्ले से किया कमाल, फाइनल में टीम इंडिया, बांग्लादेश से होगा मुकाबला

राधा यादव की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 118 रन पर समेट दिया और फिर इस टारगेट को 13.3 ओवर में हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 20, 2026 7:29 PM IST

कप्तान राधा यादव ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन (चार विकेट और 31 रन नाबाद) करते हुए भारत ए की टीम को शुक्रवार को श्रीलंका ए पर पांच विकेट से जीत दिलाकर वुमैन्स राइजिंग स्टार्स टी20 एशिया कप के फाइनल में पहुंचा दिया. भारत का फाइनल में मुकाबला 22 फरवरी को बांग्लादेश से होगा.

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन यह उस पर भारी पड़ गया. राधा यादव की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने उसके बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर उन्हें 118 रन पर आउट कर दिया, बाएं हाथ की स्पिनर राधा ने 19 रन देकर चार विकेट लिए. राधा को एक और बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर (20 रन देकर दो विकेट) और लेग स्पिनर प्रेमा रावत (नौ रन देकर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज संजना काविंदी (31 रन) शीर्ष स्कोरर रहीं. 10वें ओवर में श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 71 रन था। लेकिन इसके बाद वे भारतीय स्पिनरों का सामना नहीं कर सकीं और बचे हुए आठ विकेट नौ ओवर में 47 रन के अंदर गंवा दिए. श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी भागीदारी काविंदी और साथी सलामी बल्लेबाज हंसिमा करुणारत्ने (14) के बीच 36 रन की साझेदारी रही.

राधा यादव ने खेली विस्फोटक पारी

लक्ष्य का पीछा करते समय भारत ने एक समय 21 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद उसे ज्यादा परेशानी नहीं हुई. टीम के लिए वृंदा दिनेश 42 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं. राधा यादव ने बल्लेबाजी में योगदान करते हुए 18 गेंदों पर सात चौकों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए जिससे भारत ने 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में बनाई जगह

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई. बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 110 रन बनाए. कप्तान फाहिमा खातुन ने 32 बॉल में 40 रन की नाबाद पारी खेली. पाकिस्तान की टीम इसके जवाब में 16.4 ओवर में 56 रन पर ढेर हो गई. संजीदा अख्तर मेघला ने तीन और फाहिमा खातुन ने दो विकेट भी चटकाए. फाहिमा खातुन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.