टीम इंडिया के बल्लेबाजों की इस नाकामी पर फिक्रमंद द्रविड़, बोले बात करनी पड़ेगी

राहुल द्रविड़ ने कहा कि यह सोचने की बात है कि हम लगातार तीसरी पारी में क्यों असफल हो रहे हैं। द्रविड़ ने कहा इसके लिए सिलेक्टर्स से बात करनी होगी।

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 06, 2022, 01:25 PM IST

Published On Jul 06, 2022, 01:25 PM IST

Last UpdatedJul 06, 2022, 01:25 PM IST

बर्मिंगम: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने मंगलवार को कहा कि टेस्ट मैच की ‘तीसरी’ पारी में उनके बल्लेबाजों की बार-बार असफलता चिंता का विषय है और वे इस मुद्दे को हल करने के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

द्रविड़ की देखरेख में भारतीय टीम विदेश में अपने पिछले तीन टेस्ट मैच हार चुकी है। इसमें टीम दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट मैच के बाद टीम बर्मिंघम में 378 रन के बड़े लक्ष्य का बचाव करने में विफल रही।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत ने जोहान्सबर्ग में अपनी दूसरी पारी में 266, केपटाउन में 198 और बर्मिंघम में 245 रन बनाए। इन तीनों मौकों पर भारत की दूसरी पारी टेस्ट मैच की तीसरी पारी थी।

इन तीनों मैचों में भारतीय टीम 240, 212 और अब 378 रन के बड़े लक्ष्यों का बचाव करने में विफल रही।

जब द्रविड़ से पूछा गया कि वह बर्मिंघम में भारत की हार का विश्लेषण कैसे करेंगे तो उन्होंने दो दिन के अंदर शुरू होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का जिक्र करते हुए हलके अंदाज में कहा, ‘‘ क्रिकेट इतना अधिक है कि हमारे पास सोचने का समय नहीं है। हम दो दिन के बाद ही आपसे शायद पूरी तरह से कुछ अलग बात करें।’’

उन्होंने इसके बाद गंभीर लहजे में कहा, ‘हम हालांकि निश्चित रूप से इस प्रदर्शन पर विचार करने की कोशिश करेंगे। हर मैच हमारे लिए सबक है और आप कुछ न कुछ सीखते रहते हैं। हमें सोचना होगा कि हम टेस्ट मैच की तीसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी क्यों नहीं कर पा रहे हैं और चौथी पारी में हम 10 विकेट क्यों नहीं ले पा रहे हैं।’

भारतीय टीम को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के मौजूदा चक्र में छह और मैच खेलने है और ये सभी मैच उपमहाद्वीप (चार भारत में और दो बांग्लादेश में) में है। द्रविड़ कमियों का विश्लेषण करने के लिए चेतन शर्मा (चयन समिति के अध्यक्ष जो अभी इंग्लैंड में है) के साथ बैठने की योजना बनाई है।

उन्होंने कहा, ‘अब अगले छह टेस्ट मैच उपमहाद्वीप में हैं और हमारा ध्यान उन बचे हुए मैचों पर होगा। कोच और चयनकर्ता बैठकर इस हार का विश्लेषण करेंगे।’

उन्होंने कहा, ‘यह समीक्षा हर खेल के बाद होती है और इसलिए जब हम अगली बार एसईएनए (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड ऑस्ट्रेलिया) देशों की यात्रा करेंगे तो हम इससे निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होंगे। ’

टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन के बाद फिटनेस को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘यह एक ऐसी चीज है जिस पर हमें गौर करने और सुधार करने की जरूरत है। हम पिछले कुछ वर्षों में बहुत अच्छे रहे हैं और लगातार विकेट चटकाने में सफल रहे है। हाँ हम पिछले कुछ मैचों में ऐसा नहीं कर पाए हैं।’

इस पूर्व दिग्गज ने कहा, ‘इस प्रदर्शन के पीछे कई कारण हो सकते। हमें मैच में अपनी आक्रामकता और लय बनाये रखने की जरूरत होगी। हो सकता है कि हमें फिटनेस के उस स्तर को बनाए रखने की आवश्यकता हो जैसा टेस्ट में जरूरी होता है।’

उन्होंने इस दौरान कई बार कहा कि बल्लेबाजी चिंता का विषय है। द्रविड़ ने कहा, ‘इन सभी टेस्ट मैचों में, तीसरी पारी में हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही है। इसलिए साउथ अफ्रीका और यहां हम अच्छी शुरुआत को भुना नहीं पाये। हमें बेहतर होने के लिए निश्चित रूप से सुधार करना होगा।’

टीम में रविचंद्रन अश्विन की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘टेस्ट मैच में अश्विन के स्तर के खिलाड़ी को बाहर रखना आसान नहीं होता है लेकिन मैच शुरू होने से पहले विकेट पर घास की सतह देखने के बाद हमें लगा कि इससे तेज गेंदबाजों को अधिक मदद मिलेगी। अगर आप पूरे मैच को देखेंगे तो रविन्द्र जडेजा और जैक लीच को भी पिच से कोई मदद नहीं मिली।’

एजेंसी

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick