- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Rahul Dravid will start picking players for the T20 World Cup from the England Tour: Ganguly
T20 वर्ल्ड कप के लिए कब और कैसे होगी खिलाड़ियों की पहचान, गांगुली ने कर दिया खुलासा
टीम इंडिया इस समय घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी आयरलैंड और इंग्लैंड में T20I सीरीज में हिस्सा लेंगे।
Published On Jun 18, 2022, 08:30 PM IST
Last UpdatedJun 18, 2022, 08:30 PM IST
पूर्व भारतीय कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने खुलासा किया है कि भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की T20I सीरीज से इस साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों की पहचान शुरू कर देंगे।
टीम इंडिया इस समय घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी आयरलैंड और इंग्लैंड में T20I सीरीज में हिस्सा लेंगे। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह सहित कुछ शीर्ष नाम मौजूदा सीरीज में नहीं खेल रहे हैं, लेकिन उनके इंग्लैंड में खेली जाने वाली T20I सीरीज में वापसी की संभावना है। अब गांगुली ने यह भी संकेत दिये हैं कि वे इंग्लैंड दौरे से वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों की पहचान शुरु कर देंगे।
गांगुली ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, “राहुल द्रविड़ (टीम इंडिया के मुख्य कोच) इसे देख रहे हैं। वह किसी स्तर पर खिलाड़ियों के एक व्यवस्थित सेट को खिलाने की योजना बना रहे हैं। संभवत: अगले महीने इंग्लैंड दौरे से हम उन खिलाड़ियों के साथ खेलना शुरू करेंगे जिनके अक्टूबर में T20 वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना है।”
BCCI ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मीडिया राइट्स बेचकर बड़ी रकम जुटाई थी, जिससे टूर्नामेंट के लिए विंडो के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं। बीसीसीआई अध्यक्ष ने भी इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा, “द्विपक्षीय दौरे जारी रहेंगे। आईपीएल एक भारतीय टूर्नामेंट है। बाकी टीमों के लिए राजस्व जुटाने के लिए द्विपक्षीय दौरे हैं। दूसरे देशों के खिलाड़ियों को द्विपक्षीय सीरीज की जरूरत है। अगले दो साल तक आईपीएल में 74 मैच होते रहेंगे। अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफ़टीपी) साइकल पर सावधानी से काम करना होगा।”
IPL के मीडिया राइट्स भारी रकम में बिकने के बाद अब टूर्नामेंट के एक मैच की वेल्यू इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) से भी अधिक हो गई है। ऐसे में खिलाड़ियों का झुकाव टीम इंडिया की बजाय IPL की तरफ होने की आशंका है। इस पर गांगुली का कहना है कि देश के लिए खेलना गर्व की बात है और इसकी तुलना पैसे से नहीं की जा सकती।
उन्होंने आगे कहा, “पहली बात, पैसे को प्रदर्शन से नहीं जोड़ा जा सकता है। सुनील गावस्कर के समय से लेकर अनिल कुंबले और राहुल द्रविड़ तक, खिलाड़ियों को अब जितना मिलता है, उसके करीब पैसा कहीं नहीं था। लेकिन उन सभी में प्रदर्शन करने की भूख थी। मुझे नहीं लगता कि खिलाड़ी सिर्फ पैसों के लिए खेलेंगे। खिलाड़ी अपने कद और भारत का प्रतिनिधित्व करने के गौरव के लिए खेलते हैं। हर खिलाड़ी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीतना चाहेगा।”