×

IPL 2026: जयपुर से छूटेगा राजस्थान रॉयल्स का साथ, कौन सा होगा पहले चैंपियन का नया मैदान

आईपीएल के पहले सीजन से जयपुर राजस्थान रॉयल्स का होम ग्राउंड रहा है. लेकिन 18 सीजन का यह सिलसिला इस साल में टूट सकता है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 2, 2026 4:29 PM IST

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स को नया घरेलू मैदान भी मिल सकता है. खबर है कि कि इस टीम के कुछ मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम पर हो सकते हैं.

ऐसी खबरें पहले भी आई थीं कि राजस्थान रॉयल्स और बीते साल पहली बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पुणे के गहुंजे स्थित इस मैदान को अपना होम ग्राउंड बनाने की सोच रहे थे. रॉयल्स की टीम ने तो स्टेडियम का दौरा भी किया था. टीम ने वहां मौजूद सुविधाओं की जांच भी की थी.

अब जो खबरें आ रही हैं उनके मुताबिक राजस्थान रॉयल्स की टीम के पुणे को अपना घरेलू मैदान बनाने की संभावना ज्यादा है. पुणे राजस्थान रॉयल्स के मौजूदा होम ग्राउंड जयपुर की जगह लेगा. साल 2008 यानी पहले ही सीजन से राजस्थान रॉयल्स की टीम का होम ग्राउंड रहा है. एमसीए और राजस्थान रॉयल्स के बीच डील पक्की होने के करीब है.

इस सबके पीछे राजस्थान क्रिकेट असोसिएशन और राजस्थान रॉयल्स के बीच मतभेदों को वजह बताया जा रहा है. आईपीएल 2025 में दोनों के बीच तनाव तब बढ़ गया जब राजस्थान क्रिकेट असोसिएशन के एक अधिकारी ने राजस्थान रॉयल्स पर मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए थे. रॉयल्स ने ऐसे आरोपों को सिरे से खारिज किया था. फ्रैंचाइजी ने उस व्यक्ति के खिलाफ ऐक्शन की मांग की थी. आरसीए को दीन दयाल कुमावत की अगुआई वाली एक एडहॉक कमेटी चलाती है. और घरेलू मैदान पर इतना विवाद होना भी रॉयल्स के लिए मैदान बदले की एक बड़ी वजह हो सकती है. खबर के मुताबिक इस बात का ऐलान जल्द हो सकता है.

TRENDING NOW

महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन होता रहा है. वनडे विश्व कप 2023 के दौरान भी इस स्टेडियम में मैच खेले गए थे. आईपीएल में पूर्व में एमसीए पुणे वॉरियर्स इंडिया और राइजिंग पुणे सुपरजायंट का भी होम ग्राउंड रह चुका है. आरआर पिछले कुछ सीजन से अपने कुछ होम मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भी खेलती है.