- Home
- News
- Rajat Patidar scored second fastest half century for Royal Challengers Bengaluru in IPL History
IPL 2026: धुआंधार रजत पाटीदार, RCB के कप्तान ने ठोकी तूफानी हाफ सेंचुरी, क्रिस गेल के बराबर पहुंचे
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने रविवार, 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ धमाकेदार हाफ-सेंचुरी लगाई. पाटीदार ने सिर्फ 17 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. मुंबई के वानखेड़े मैदान पर पाटीदार ने मुंबई के गेंदबाजों की खूब खबर ली. यह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से संयुक्त रूप से...
Published On Apr 12, 2026, 09:06 PM IST
Last UpdatedApr 12, 2026, 09:06 PM IST
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने रविवार, 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ धमाकेदार हाफ-सेंचुरी लगाई. पाटीदार ने सिर्फ 17 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. मुंबई के वानखेड़े मैदान पर पाटीदार ने मुंबई के गेंदबाजों की खूब खबर ली. यह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से संयुक्त रूप से दूसरी सबसे तेज हाफ सेंचुरी है. बेंगलुरु की ओर से सबसे तेज हाफ सेंचुरी रोमारियो शेपर्ड के नाम है जिन्होंने बीते सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 14 गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई थी. इससे पहले क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ आईपीएल 2013 में 17 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया था.
पाटीदार हालांकि अपनी पारी को बहुत आगे नहीं ले जा पाए और 20 गेंद पर 53 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें मिशेल सैंटनर की गेंद पर तिलक वर्मा ने कैच किया. अपनी पारी में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चार चौके और पांच छक्के लगाए.
पाटीदार ने पारी का आगाज धमाकेदार तरीके से किया. उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर चौका लगाकर अपनी पारी का आगाज किया. इसके बाद मयंक मार्कंडेय की गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए. सिर्फ 11 गेंद पर पाटीदार 44 रन के निजी स्कोर तक पहुंच गए थे. ऐसे वक्त पर लग रहा था कि वह युवराज सिंह के टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाए गए सबसे तेज हाफ सेंचुरी के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने लगाम लगानी शुरू की.
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. लेकिन रॉयल चलैेंजर्स के बल्लेबाजों ने बहुत आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. खास तौर पर फिल सॉल्ट ने तो धुआंधार खेल दिखाया. उन्होंने 25 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. सॉल्ट ने 36 गेंद पर 78 रन बनाए. उनकी पारी में छह चौके और इतने ही छक्के शामिल थे. उनके साथ पारी का आगाज करने आए विराट कोहली की बल्लेबाजी हालांकि संभली हुई रही. कोहली ने 37 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. हालांकि पिच जिस अंदाज में खेल रही है उसे देखकर कोहली को ऐसा जरूर लगा होगा कि उन्हें और तेजी से रन बनाने चाहिए थे. उन्होंने ऐसा करने की कोशिश की लेकिन हाफ-सेंचुरी पूरी करने के अगले ही गेंद पर वह आउट हो गए.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चार विकेट पर 240 रन का स्कोर बनाया. फिल सॉल्ट, विराट कोहली और रजत पाटीदार ने हाफ सेंचुरी लगाई. वहीं पारी के अंत में 16 गेंद पर 34 रन बनाए.