- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ramiz Raja Said Indian Batter Started To Demolish Pakistan Bowling Now Team Can Snatch Defeat From Victory
भारत ने दिखाई पाकिस्तान की बॉलिंग की 'औकात', अब सारी दुनिया जानती है कमजोरी, पूर्व कप्तान रमीज राजा ने निकाली भड़ास
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने बताया कि आखिर उनकी टीम के क्या हालात हैं. उन्होंने कहा यह टीम जीत से हार छीन सकती है.
Published On Aug 26, 2024, 11:31 AM IST
Last UpdatedAug 26, 2024, 11:31 AM IST
Bangladesh Beat Pakistan by 10 Wickets
नई दिल्ली: बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान की हार से खलबली मची हुई है. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने अपनी टीम की खूब आलोचना की है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की टीम एक समय पर अच्छी स्थिति में थी लेकिन उसने मौका गंवा दिया. रमीज ने कहा कि मेजबान टीम बैटिंग और बॉलिंग दोनों में कमतर साबित हुई.
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 448 के स्कोर पर घोषित कर दी थी. इसका जवाब बांग्लादेश ने बहुत ही जोरदार तरीके से दिया. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 565 रन बनाए. दूसरी पारी में पाकिस्तान का प्रदर्शन और भी खराब रहा. पूरी टीम सिर्फ 146 के स्कोर पर सिमट गई. बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ 30 रन का लक्ष्य मिला था जो उसने 6.3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया.
अपने यूट्यूब चैनल पर रमीज राजा ने कहा कि मैच में बढ़त बनाकर हारना पाकिस्तान की आदत बन गई है.
उन्होंने कहा, ‘अगर कोई टीम जीत के मुंह से हार छीन सकती है तो वह पाकिस्तान की टीम है. और उनकी छवि ही ऐसी बन गई है. यह पहली बार नहीं हुआ है कि पाकिस्तान टीम टेस्ट मैच के पांचवें दिन लड़खड़ा गई हो. कई बार बैटिंग फ्लॉप शो होता है तो बाकी मौकों पर बॉलिंग फेल हो जाती है.’
रमीज राजा ने आगे कहा कि पाकिस्तान दबाव में बिखर गया.
उन्होंने कहा, ‘यह एक पुरानी कहानी बन गई है जब भी टीम पर दबाव बनता है. तो ऐसा ही होता है. मुझे लगता है कि यह एक गंभीर समस्या है. जैसे ही आप पर दबाव पड़ता है तो आपका बिलीफ सिस्टम गायब हो जाता है. खास तौर पर आपके गेंदबाजों के साथ. वह बुरे स्पैल फेंकना शुरू कर देते हैं. बल्लेबाजों के पास बिलकुल भी क्षमता नहीं है क्योंकि जैसे ही गेंद में हलचल होती है वे फ्लॉप शो बन जाते हैं.’
राजा ने पाकिस्तान के टीम सिलेक्शन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि आखिर पाकिस्तान ने विशेषज्ञ स्पिनर को मौका क्यों नहीं दिया. पार्ट-टाइम स्पिनर सलमान आगा ने 41 ओवर फेंके. वह हालांकि कोई विकेट नहीं ले पाए और उन्होंने 136 रन दिए.
रमीज राजा ने पाकिस्तान की गेंदबाजी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान टीम के तेज गेंदबाजों का आत्मविश्वास और छवि को भारत के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले के बाद से बहुत गहरा नुकसान हुआ है.
उन्होंने कहा, ‘तेज गेंदबाजों का खौफ समाप्त हो चुका है. यह गिरावट एशिया कप से शुरू हुई. इस गेंदबाजी लाइन-अप में आत्मविश्वास की कमी, खास तौर पर तेज गेंदबाजों में, की शुरुआत भारत के खिलाफ मुकाबले से हुई. सीमिंग परिस्थितियों में हमारे तेज गेंदबाजों की खूब धुनाई हुई. इसके बाद पूरी दुनिया को यह अहसास हुआ कि अगर इस गेंदबाजी पर आक्रामक बल्लेबाजी की जाए तो जैसी इसकी छवि है यह उस स्तर की है नहीं.’