- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ranji Trophy-2018-19-Group-B-Round-8-Day-4-Abhimanyu-Easwaran-Century-helps-Bengal-beat-Delhi-by-7-wickets
रणजी ट्रॉफी 2018-19: अभिमन्यु के शतक से बंगाल ने दिल्ली को हराया
दिल्ली के 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने तीन विकेट पर 323 रन बनाकर जीत दर्ज की।
Published On Jan 02, 2019, 05:00 PM IST
Last UpdatedJan 02, 2019, 05:00 PM IST
Goswami-Majumdar © PTI (file image)
सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद शतक की बदौलत बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच के अंतिम दिन बुधवार को यहां दिल्ली को 7 विकेट से हराकर नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा।
दिल्ली के 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने अभिमन्यु (नाबाद 183), अभिषेक रमन (52) और अनुस्तुप मजूमदार (नाबाद 69) की पारियों की बदौलत 70 .2 ओवर में तीन विकेट पर 323 रन बनाकर जीत दर्ज की।
पढ़ें: मिलिंद के शतक से सिक्किम ने मेघालय को ड्रॉ पर किया मजबूर
बंगाल की टीम चौथे दिन बिना विकेट खोए 18 रन से आगे खेलने उतरी। अभिमन्यु ने साथी सलामी बल्लेबाज अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
नितीश राणा ने अभिषेक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कुलवंत खेजरोलिया ने इसके बाद जल्दी-जल्दी दो विकेट चटकाकर बंगाल का स्कोर बिना विकेट खोए 121 रन से तीन विकेट पर 137 रन कर दिया।
पढ़ें: गुजरात ने महाराष्ट्र को पारी और 130 रन से रौंदा
अभिमन्यु ने हालांकि इसके बाद अनुभवी मजूमदार के साथ 186 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। अभिमन्यु ने अपने आठवें प्रथम श्रेणी शतक के दौरान 211 गेंद का सामना करते हुए 23 चौके और दो छक्के जड़े।
दिल्ली ने पहली पारी में 240 रन बनाए थे जिसके जवाब में बंगाल की टीम 220 रन पर आउट हो गई थी। दिल्ली ने दूसरी पारी में 301 रन बनाए थे।
इस जीत के बंगाल के सात मैचों में 22 अंक हो गए हैं। दिल्ली के सात मैचों में सिर्फ 13 अंक हैं।
(इनपुट-एजेंसी)