- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ranji Trophy 2018-19: Harvik Desai century; Cheteshwar Pujara, Sheldon Jackson fifties take Saurashtra to semis
रणजी ट्रॉफी: सौराष्ट्र रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में पहुंचा
सौराष्ट्र रणजी ट्रॉफी 2018-19 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम है।
Published On Jan 19, 2019, 02:17 PM IST
Last UpdatedJan 19, 2019, 02:17 PM IST
Harvik-desai (Saurashtra Cricket Twiiter)
हार्विक देसाई के करियर के पहले शतक और चेतेश्वर पुजारा सहित तीन बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत सौराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को 6 विकेट से हराकर नए रिकॉर्ड के साथ रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सौराष्ट्र ने पहली पारी में 177 रन से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। उत्तर प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 194 रन पर सिमट गई जिससे सौराष्ट्र को 372 रन का लक्ष्य मिला जो उसने मैच के पांचवें और अंतिम दिन दूसरे सत्र में हासिल कर लिया।
पढ़ें: फॉकनर के ऑलराउंड प्रदर्शन और बेली के अर्धशतक से हरिकेंस को मिली जीत
हार्विक देसाई (116) और स्नेल पटेल (72) ने पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़कर सौराष्ट्र को अच्छी शुरूआत दिलाई। उसकी टीम ने आज सुबह दो विकेट पर 195 रन से आगे खेलना शुरू किया।
ऑस्ट्रेलिया में भारत की जीत के नायक चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद 67 रन बनाए और इस बीच शेल्डन जैक्सन (नाबाद 73) के साथ 136 रन की अटूट साझेदारी की जिससे सौराष्ट्र रणजी ट्रॉफी में रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा।
रणजी ट्रॉफी में इससे पहले सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड असम के नाम पर था जिसने दिसंबर 2008 में सेना के खिलाफ दिल्ली में चार विकेट पर 371 रन बनाए थे।
सौराष्ट्र अब सेमीफाइनल में कर्नाटक से भिड़ेगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल विदर्भ और केरल के बीच खेला जाएगा।
पढ़ें: मेलबर्न में जीत के बाद धोनी ने कहा ‘गेंद ले लो वर्ना लोग कहेंगे कि संन्यास ले रहा है’
सौराष्ट्र के लिए सुबह देसाई ने अच्छी शुरुआत की लेकिन यश दयाल ने कमलेश मकवाना (सात) को जल्द ही पवेलियन भेज दिया। इसके बाद पुजारा ने क्रीज पर कदम रखा। देसाई हालांकि शतक पूरा करने के बाद सौरभ कुमार की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। देसाई ने 259 गेंदें खेली तथा 16 चौके लगाए।
उत्तर प्रदेश ने इसके बाद 85वें ओवर में नई गेंद ली लेकिन पुजारा और जैकसन ने उसे कोई मौका नहीं दिया। पुजारा पहली पारी में केवल 11 रन बना पाए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने अपनी ख्याति के अनुरूप बल्लेबाजी की। दूसरी तरफ जैक्सन ने उनका अच्छा साथ दिया। पुजारा ने 110 गेंदें खेली तथा नौ चौके लगाए जबकि जैक्सन की 109 गेंद की पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल है।