- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ranji Trophy: Dinesh Karthik has no plans of quitting first class cricket
दिनेश कार्तिक का फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का इरादा नहीं
भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज अंबाती रायडू ने हाल में वनडे और टी20 इंटरनेशनल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
Published On Dec 05, 2018, 06:33 PM IST
Last UpdatedDec 05, 2018, 06:33 PM IST
Dinesh Karthik © Getty Images
विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने साफ किया है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।
कार्तिक ने कहा कि वह तमिलनाडु के लिए रणजी खिताब जीतने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में काम करते रहेंगे।
भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज अंबाती रायडू ने हाल में वनडे और टी20 इंटरनेशनल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
यह पूछने पर कि क्या वह भी इस बारे में सोच रहे हैं, कार्तिक ने कहा, ‘नहीं, मैंने इस बारे में नहीं सोचा क्योंकि मैं तमिलनाडु की ओर से खेलने का लुत्फ उठाता हूं। मुझे लगता है कि इस खेल का एक मजा अपने राज्य के लिए खेलना भी है।’
तमिलनाडु और केरल के बीच गुरुवार से शुरू होने वाले रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच से पहले कार्तिक ने संवाददाताओं से कहा, ‘जिस पल मुझे लगेगा कि लोग मुझे तमिलनाडु की ओर से खेलते हुए बोझ के रूप में देख रहे हैं तो मैं पीछे हट जाऊंगा।’
उन्होंने कहा, ‘ मैं तमिलनाडु के लिए जितना संभव हो उतने समय तक खेलना चाहता हूं क्योंकि मैं रणजी ट्रॉफी खिताब जीतना चाहता हूं। अब तक इसे नहीं जीत पाया इसलिए तमिलनाडु के लिए जितने वर्ष खेलूंगा इसे जीतने का प्रयास करता रहूंगा।’
इस विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए 2018 काफी अच्छा रहा जिसमें उन्होंने श्रीलंका में निधास ट्रॉफी के फाइनल में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
हाल में ऑस्ट्रेलिया में भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहे कार्तिक ने कहा, ‘यह बेहतरीन वर्ष रहा। मैं जहां हूं वहां पर होने की खुशी है। अगामी वर्ष को लेकर उत्सुक हूं। असल में यह रोचक समय है।’
कार्तिक ने हालांकि कहा कि वह अभी 50 ओवर के विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहे।
उन्होंने कहा, ‘मैं काफी आगे के बारे में नहीं सोच रहा। क्योंकि जैसे ही मैं विश्व कप के बारे में सोचना शुरू करूंगा तो मेरे ऊपर और दबाव बन जाएगा।’
कार्तिक ने कहा, ‘ बेशक अभी ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सीरीज है… काफी क्रिकेट होने वाला है, मुझे इस पर ध्यान देने की जरूरत है… मैं वहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता हूं।’
कार्तिक से जब यह पूछा गया कि क्या उनका ध्यान राष्ट्रीय टी20 टीम में अपनी जगह पक्की करने पर है तो उन्होंने कहा कि वह प्रत्येक मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘ मेरे लिए प्रत्येक मैच अच्छा प्रदर्शन करने का मौका है, पिछले कुछ वर्षों से मैं इसी तरह खेल रहा हूं। अब रणजी ट्राफी है। मुझे अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है।’
तमिलनाडु की टीम चार मैचों में सिर्फ पांच अंक जुटा सकी है और कार्तिक ने कहा कि टीम को नॉककआउट में जगह बनाने के लिए विशेष क्रिकेट खेलना होगा।
(इनपुट-एजेंसी)