• Home
  • News
  • Ranji Trophy, Elite Group B, Round 4, Day 3: Punjab beat Delhi by 10 wickets

रणजी ट्रॉफी : पंजाब ने दिल्‍ली को 10 विकेट से रौंद बोनस अंक हासिल किए

दिल्ली की टीम पहली पारी में पहले दिन ही 107 रन पर ढेर हो गई थी।

Edited By : Kamlesh Rai |Nov 30, 2018, 05:35 PM IST

Published On Nov 30, 2018, 05:35 PM IST

Last UpdatedNov 30, 2018, 05:35 PM IST

Mandeep-Singh © PTI (file image)

घर में खेलने उतरी दिल्‍ली टीम पंजाब के खिलाफ पारी की हार तो टालने में सफल रही लेकिन वो मेहमान टीम को बोनस अंक हासिल करने से नहीं रोक पाई।

मनदीप सिंह की कप्‍तानी वाली पंजाब टीम ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के राउंड 4 मैच में नीतीश राणा की अगुवाई वाली दिल्‍ली को तीसरे दिन ही 10 विकेट से रौंदकर बोनस सहित कुल 7 अंक अर्जित किए।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पंजाब की 3 मैचों में ये पहली जीत है। उसने दो मैच ड्रॉ खेले हैं। तीन मैचों से पंजाब के 9 अंक हो गए हैं और वो अपने ग्रुप में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहली पारी में 90 रन की पारी खेलने वाले मनदीप सिंह को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्‍ली ने 6 विकेट पर 106 रन से आगे खेलना शुरू किया

फिरोजशाह कोटला स्‍टेडियम में दिल्‍ली की टीम तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 106 रन से आगे खेलना शुरू किया। दूसरे दिन अनुज रावत 5 रन पर और वरुण सूद खाता खोले बगैर नाबाद लौटे थे।

अनुज रावत (12) तीसरे दिन अपने खाते में सात रन और जोड़कर पवेलियन लौट गए। वरुण सूद (25) और पुलकित नारंग (31) ने 8वें विकेट के लिए 54 रन जोड़े जिससे दिल्ली पारी की हार टालने में सफल रही।

दूसरी पारी में दिल्‍ली 179 रन पर ढेर

दिल्ली की दूसरी पारी 179 रन पर ढेर हो गई। पंजाब को इस तरह से केवल पांच रन का लक्ष्य मिला और उसने 2.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के आठ रन बनाकर मौजूदा सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की।

दिल्ली की टीम पहली पारी में पहले दिन ही 107 रन पर ढेर हो गई थी जिसके जवाब में पंजाब ने 282 रन बनाकर पहली पारी में 175 रन की बढ़त हासिल की थी। दिल्‍ली के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में भी लचर प्रदर्शन किया।

चौधरी ने 4 जबकि मार्कंडेय ने 3 विकेट लिए

पंजाब की ओर से विनय चौधरी ने 39 रन देकर चार और मार्कंडेय ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए। पहली पारी में छह विकेट लेने वाले सिद्धार्थ कौल ने दूसरी पारी में 54 रन देकर 2 विकेट लिए।

दिल्‍ली की पहली हार

मौजूदा सीजन में दिल्‍ली की तीन मैचों में ये पहली हार है। इससे पहले उसने अपने दोनों मैच ड्रॉ खेले थे। उसके कुल चार अंक हैं।

गंभीर ने दूसरी पारी में बनाए 60 रन

टीम इंडिया से दरकिनार किए गए दिल्‍ली की रणजी टीम में वापसी करने वाले गौतम गंभीर पहली पारी में सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे लेकिन दूसरी पारी में उन्‍होंने 60 रन बनाए। हालांकि वो अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। चोटिल होने के कारण हैदराबाद के खिलाफ नहीं खेल पाने वाले सीनियर खिलाड़ी गौतम गंभीर ने इस मैैैच मेें वापसी की। ।

युवराज सिंह मौजूदा रणजी सीजन में पहली बार मैदान पर उतरे थे 

पंजाब की ओर से टीम इंडिया से बाहर चल रहे अनुभवी ऑलराउंडर युवराज सिंह ने पहली पारी में 24 रन बनाए थे। दूसरी पारी में उन्‍हें बल्‍लेबाजी का मौका नहीं मिला। युवराज सिंह इस राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप के 2018-19 सत्र में पहली बार खेलते हुए दिखाई दिए।

Editor's Pick