• Home
  • News
  • Rasikh Salam Dar Bhuvneshwar Kumar Shine RCB Beats LSG by five wickets in IPL 2026

IPL 2026: रसिख सलाम- भुवनेश्वर कुमार के कहर से LSG पस्त, टॉप पर पहुंची आरसीबी की टीम

लखनऊ सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी की बदौलत 29 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Apr 15, 2026, 11:17 PM IST

Published On Apr 15, 2026, 11:17 PM IST

Last UpdatedApr 15, 2026, 11:17 PM IST

RCB Win

RCB Win

RCB VS LSG: रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की तूफानी गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई. सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी की बदौलत 29 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 149 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन भी जोड़े.

सुपर जाइंट्स की ओर से प्रिंस यादव (32 रन पर तीन विकेट) ने तीन जबकि आवेश खान (23 रन पर दो विकेट) ने दो विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को पांच मैच में तीसरी हार से नहीं बचा पाए. इस जीत से बेंगलुरु की टीम पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

रसिख (24 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर (27 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 146 रन पर सिमट गई। कृणाल पंड्या ने भी 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए. सुपर जाइंट्स की ओर से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन तीनों में से कोई भी अच्छी शुरुआत को बड़ी परी में नहीं बदल पाया.

कोहली ने दिलाई तेज शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे बेंगलुरु को कोहली ने तेजतर्रार शुरुआत दिलाई, टीम ने दूसरे ओवर में ही फिल सॉल्ट (07) का विकेट गंवा दिया जो प्रिंस यादव की गेंद को विकेटों पर खेल गए. कोहली ने आक्रामक तेवर दिखाए, उन्होंने तीसरे ओवर में मोहम्मद शमी पर दो चौके जड़ने के बाद अगले ओवर में प्रिंस पर चार चौके मारे. कोहली ने दिग्वेश राठी पर छक्के के साथ पांचवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 60 रन बनाए, देवदत्त पडिक्कल हालांकि 10 रन बनाने के बाद आवेश खान की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी हिम्मत सिंह को कैच दे बैठे, कप्तान रजत पाटीदार ने आते ही शमी पर लगातार दो छक्के मारे. आवेश ने इसके बाद बेंगलुरु को बड़ा झटका दिया जब कोहली उनकी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर निकोलस पूरन को कैच दे बैठे.

प्रिंस यादव ने एक ओवर में पाटीदार-जितेश को भेजा पवेलियन

जितेश शर्मा ने राठी की लगातार गेंदों पर दो छक्के और दो चौकों के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. प्रिंस ने पारी के 13वें ओवर में पाटीदार (13 गेंद में 27 रन, तीन छक्के, एक चौका) और जितेश (नौ गेंद में 23 रन, दो छक्के, दो चौके) को पवेलियन भेजकर बेंगलुरु को दोहरा झटका दिया. पाटीदार ने प्रिंस पर छक्का जड़ने के बाद अगली गेंद को हवा में लहराकर राठी को कैच थमाया जबकि एक गेंद बाद जितेश भी विकेटकीपर मुकुल चौधरी को कैच दे बैठे. टिम डेविड (नाबाद 14) ने आते ही राठी पर छक्का और चौका जड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया. बेंगलुरु को अंतिम छह ओवर में जीत के लिए सिर्फ 11 रन की दरकार थी और रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 14 ) ने आवेश पर छक्का और लिंडे पर चौके के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.

आरसीबी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

इससे पहले पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। मार्श और एडेन मारक्रम (12) ने सतर्क शुरुआत की. मार्श ने भुवनेश्वर की गेंद को स्टेडियम के बाहर भेजा, मारक्रम ने भी रसिख का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन फिर इसी तेज गेंदबाज की फुलटॉस को कवर में देवदत्त पडिक्कल के हाथों में खेल गए. कप्तान ऋषभ पंत अगले ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए जब जोश हेजलवुड (20 रन पर एक विकेट) की गेंद उनके बाएं हाथ की कोहनी में लगी.

पावरप्ले में सिर्फ 35 रन बना सकी लखनऊ की टीम

सुपर जाइंट्स की टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 35 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र में टीम का शुरुआती छह ओवर में सबसे कम स्कोर है।निकोलस पूरन की खराब फॉर्म जारी रही और वह सात गेंद में सिर्फ एक रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद को विकेटों पर खेल गए.

मार्श ने कृणाल पर चौके और छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. बडोनी ने कृणाल की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन मार्श इस स्पिनर की गेंद को विकेटों पर खेल गए, उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे।

मुकुल चौधरी एक बार फिर अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने कृणाल पर चौके से खाता खोलने के बाद इस स्पिनर के अगले ओवर में छक्का भी मारा. बडोनी ने रसिख पर चौका मारा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर जितेश शर्मा को कैच दे बैठे, उन्होंने 24 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. बडोनी के आउट होने पर पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन सिर्फ एक रन बनाने के बाद भुवनेश्वर की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे. भुवनेश्वर ने जॉर्ज लिंडे (07) और मोहम्मद शमी (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि रसिख ने मुकुल और आवेश खान (01) को पवेलियन भेजकर सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया.

Editor's Pick