कौन बनेगा भारत का अगला T20I कप्तान? रवि शास्त्री ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
भारतीय टीम को पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए बताया कि भारत का अगला टी20 कप्तान किसे बनाना चाहिए.
Published On May 15, 2026, 01:30 PM IST
Last UpdatedMay 15, 2026, 01:30 PM IST
Ravi Shastri Prediction for India new T20I Captain: आईपीएल 2026 के बीच भारतीय टीम के टी20 फॉर्मेट में नए कप्तान लाने की चर्चाएं इन दिनों काफी तेज हो गई हैं. सूर्यकुमार यादव के लगातार फॉर्म के बाद से इस बात की चर्चा हो रही है कि टीम इंडिया को जल्द ही नया टी20 कप्तान मिलने वाला है. कप्तानी के दावेदारों में कई नाम की चर्चा हो रही है. इन्हीं दावेदारों के नामों के बीच भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए बताया टीम इंडिया की सफलता के लिए किसे अगला कप्तान बनाया जाना चाहिए.
रवि शास्त्री ने अगले कप्तान को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
भारतीय टीम के पूर्व कोच रहे रवि शास्त्री ने संजू सैमसन की वकालत की है. रवि शास्त्री ने कहा कि टीम इंडिया को अगले वर्ल्ड कप से पहले नए कप्तान की जरूरत होगी और इसके लिए संजू सैमसन को कप्तान बनाया जा सकता है. रवि ने आगे कहा ‘भारत को अगले कप्तान की जरूरत होगी या नहीं यह इसपर निर्भर करेगा कि सूर्या अगले 1-2 साल में कैसा खेलते हैं. हालांकि संजू सैमसन ने खुद को लीडरशिप रोल के लिए तैयार किया है. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए यह भूमिका भी निभाई है. संजू टॉप ऑर्डर में रहना पक्का है. वह बहुत खतरनाक खिलाड़ी है. मुझे लगता है कि यह बस शुरुआत है अगले दो या तीन साल में संजू में हम सब बहुत कुछ देखेंगे.’
संजू ने अपने आलोचकों को दिया तगड़ा जवाब
रवि शास्त्री ने संजू सैमसन की आगे तारीफ करते हुए कहा ‘मुझे लगता है कि संजू सैमसन ने उन सभी सवालों के जवाब दे दिए जो उनके काबिलियत पर उठते थे. टी20 वर्ल्ड कप से लेकर अब तक जिस तरह से उसने खेला है. उसने अकेले दम पर भारत को सुपर-8, सेमीफाइनल और फाइनल का मुकाबला जिताया. इसके अलावा आईपीएल में जिस तरह से उसने परिपक्वता दिखाई है वह उन्हें लीडरशिप रोल के साफ और मजबूत दावेदार बनाता है.’
आपको बता दें कि संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. वह वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने थे. इसके अलावा आईपीएल 2026 में भी संजू का बल्ला जमकर चल रहा है. संजू इस सीजन अब तक 2 शतक लगा चुके हैं.