- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ravi shastri picks yashasvi jaiswal and shivam dube players to watch out for in t20 world cup 2024
शास्त्री ने कहा, ये दो खिलाड़ी मचाएंगे टी20 वर्ल्ड कप में धमाल, रोहित-विराट का नहीं लिया नाम
रवि शास्त्री ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप में ये दो खिलाड़ी अहम साबित होंगे. शास्त्री ने इस लिस्ट में रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम नहीं लिया.
Published On May 07, 2024, 10:39 AM IST
Last UpdatedMay 07, 2024, 10:39 AM IST
Ravi Shastri on t20 world cup
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने उन दो खिलाड़ियों को चुना है जो उनकी नजर में 2024 टी20 वर्ल्ड कप में धमाल मचा देंगे. पूर्व ऑलराउंडर ने इस लिस्ट में विराट कोहली या रोहित शर्मा का नाम नहीं लिया है. शास्त्री ने जिन दो बल्लेबाजों को चुना है वह यशस्वी जायसवाल और शिवम दूबे हैं.
जायसवाल ने बीते साल अपना टी20 इंटरनैशनल डेब्यू किया था. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल सीजन में 600 रन बनाए थे. और इसी के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली थी. उन्होंने 17 मैचों में चार हाफ सेंचुरी और एक सेंचुरी लगाई थी. वहीं दूबे ने 2019 में डेब्यू किया था लेकिन तब वह अधिक प्रभावित नहीं कर पाए थे. हाल ही में वह एक बार फिर टीम में वापस आए. आईपीएल 2024 में भी उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कई धमाकेदार पारियां खेलीं. इसके इनाम के तौर पर ही उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में जगह मिली.
आईसीसी से बात करते हुए शास्त्री ने जायसवाल की तारीफ करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ हुई सीरीज में वह निडर होकर खेले थे.
उन्होंने कहा, ‘दो खिलाड़ी जिन पर आपको नजर रखनी होगी. दोनों बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं. दोनों अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. पहला यशस्वी जायसवाल. हम उसके बारे में जानते हैं. इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया. टॉप ऑर्डर में वह काफी आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं. बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं. वह निडर है और वह अपने शॉट खेलेंगे.’
दूबे की भूमिका पर बात करते हुए शास्त्री ने कहा कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज स्पिनर्स के खिलाफ जिस तरह से आक्रामक बल्लेबाजी कर सकता है वैसा बहुत कम खिलाड़ी कर पाते हैं. वह बहुत गेंदों में गेम-चेंजर हैं.
उन्होंने कहा,
लेकिन इस बीच मिडल-ऑर्डर में एक बल्लेबाज है, प्लीज उस पर नजर रखिएगा. वह बहुत आक्रामक है. वह तबाही मचा सकता है. वह मैच-विनर है. वह मजाक-मजाक में सिक्स लगाता है. और बात जब स्पिनर्स की आती है तो वह कुछ भी कर सकता है.’
शास्त्री ने आगे कहा, ‘यहां तक कि तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी. वह अपना खेल समझ चुके हैं. वह खेलने का तरीका समझ चुके हैं. और मुझे लगता है कि नंबर पांच या छह की बैटिंग पोजिशन पर वह बहुत अहम बल्लेबाज हो सकते हैं. अगर आप मुश्किल स्थिति में हों तो आपको एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होती है जो 20-25 गेंद में मैच बदल दे. वह आपके लिए बहुत अहम खिलाड़ी हो सकता है.’