कप्तानी में नजर आया रोहित शर्मा का शांत स्वभाव: रवि शास्त्री
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम 8 में से 7 वनडे मैच जीती है।
Published On Sep 29, 2018, 10:47 AM IST
Last UpdatedSep 29, 2018, 10:47 AM IST
Ravi-Shastri © Getty Images
एशिया कप फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद कोच रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। विराट कोहली की गैरमौजूदगी की कप्तानी में टीम इंडिया ने सातवीं बार एशिया कप खिताब जीता है।
मैच के बाद प्रेसेंटेशन के दौरान कोच शास्त्री ने कहा, “रोहित शांत स्वभाव का है और ये उसकी कप्तानी में भी दिखा है। बांग्लादेश को इतनी शानदार शुरुआत मिलने के बाद भी वो उसी तीव्रता के साथ आगे बढ़ता रहा, इससे दिखता है कि वो कप्तानी के हर पहलू में शांत था। उसने गेंदबाजी में जो बदलाव किए वो काफी अच्छे थे, आखिरी के 30 ओवरों में केवल 100 रन देना, मुझे लगता है कि वाकई काबिले तारीफ है।”
कप्तानी के साथ कोच ने टीम की फील्डिंग की भी जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि भारतीय टीम ने हर मैच में काफी रन बचाए। उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे सकारात्मक चीज फील्डिंग रही, मैच दर मैच हमने इन हालातों में 30-35 रन बचाए। हमने लगातार विकेट लिए और बीच के ओवरों में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। हमने नई गेंद के साथ मुश्किल हालातों में अच्छी गेंदबाजी की और फिर स्पिन गेंदबाजों ने संभाल लिया।”
रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक 8 में से सात वनडे मैच जीत चुकी है। रोहित ने अपनी कप्तानी में खेली पाचों सीरीज (श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विदेशी टी20 सीरीज, निदाहास ट्रॉफी, एशिया कप) में जीत हासिल की है।