- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ravichandran ashwin and jonny bairstow will play 100th test together in dharamsala
अश्विन और बेयरस्टो एक साथ खेलेंगे अपना 100वां टेस्ट, 11 साल बाद दोहराया जाएगा इतिहास
IND VS ENG 5th Test: टेस्ट में यह चौथा मौका होगा जब दो खिलाड़ी एक साथ अपना 100वां टेस्ट मैच खेलते दिखेंगे.
Published On Mar 05, 2024, 07:05 PM IST
Last UpdatedMar 05, 2024, 07:05 PM IST
(Photo credit-Twitter)
धर्मशाला. भारत और इंग्लैंड के बीच सात मार्च से पांचवां टेस्ट मैच खेला जाना है. इस टेस्ट मैच में एक खास रिकॉर्ड दर्ज होगा. रविचंद्रन अश्विन और इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो गुरुवार को जब पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मैच के लिए जब मैदान पर उतरेंगे तो यह चौथा मौका होगा जब दो खिलाड़ी एक साथ अपना 100वां टेस्ट मैच खेलते दिखेंगे.
ऐसा पहला मौका साल 2000 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गये मैच में आया था जब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन और एलेक स्टीवर्ट ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल किया था. दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस, शॉन पोलाक और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग ने 2006 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड मैच में अपना-अपना 100 वां टेस्ट खेला था. इस इकलौता मौका है जब तीन खिलाड़ियों ने एक ही मैच में अपना 100वां टेस्ट खेला था.
आखिरी बार 2013 में एक साथ दो खिलाड़ियों ने खेला था 100वां टेस्ट
इसके बाद 2013 में पर्थ में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया एशेज सीरीज में एलिस्टर कुक और माइकल क्लार्क ने टेस्ट मैचों का सैकड़ा एक साथ पूरा किया था. 11 साल बाद एक बार फिर ऐसा होने जा रहा है. अश्विन और बेयरस्टो पांचवें और अंतिम टेस्ट में अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे, यह केवल दूसरा मौका होगा जब प्रतिद्वंद्वी टीमों के दो खिलाड़ी एक ही मैच में अपना 100वां टेस्ट खेलेंगे. भारत-इंग्लैंड मैच शुरू होने के ठीक एक दिन बाद न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी और केन विलियमसन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे मैच के दौरान एक साथ अपना 100वां टेस्ट खेलेंगे.
अश्विन ने 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया है, वह हाल ही में खेल के सबसे लंबे प्रारूप में 500 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले अनिल कुंबले के बाद दूसरे भारतीय बने, वहीं चौतीस साल के बेयरस्टो 100वीं टेस्ट कैप हासिल करने वाले इंग्लैंड के 17वें खिलाड़ी बनेंगे। उन्होंने 2012 में पदार्पण किया था. भारत मौजूदा सीरीज में भारत पहले ही 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है.