- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ravichandran ashwin is an aggressive option for captain rohit sharma 5105238
मिडिल ओवर्स में कप्तान के लिए आक्रामक विकल्प हैं रविचंद्रन अश्विन: रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में रविचंद्रन अश्विन के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है।
Published On Nov 22, 2021, 01:43 PM IST
Last UpdatedNov 22, 2021, 01:43 PM IST
भारतीय टी20 कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का कहना है कि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) बीच के ओवरों में किसी भी कप्तान के लिए एक आक्रामक विकल्प हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में रोहित की अगुवाई में टीम इंडिया ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की है। इस सीरीज के साथ अश्विन ने भी सीमित ओवर फॉर्मेट टीम में अपनी जगह पक्की की है।
कोलकाता में सीरीज के आखिरी टी20 मैच के बाद कप्तान रोहित ने कहा, “वो हमेशा कप्तान के लिए एक आक्रामक विकल्प है। जब आपके स्क्वाड में उसके जैसा कोई होता है तो इससे आपको बीच के ओवरों में विकेट लेने का मौका मिलता है और हम जानते हैं कि वो समय कितना अहम होता है।”
रोहित ने टी20 विश्व कप में मिली असफलता के बाद इस सीरीज जीत को अश्विन का शानदार कमबैक बताया है। उन्होंने कहा, “दुबई में खेलने के बाद से ये उसके लिए एक शानदार कमबैक रहा है। वो एक क्वालिटी गेंदबाज हैं, हम सभी ये बात जानते हैं।”
उन्होंने कहा, “इतने सालों में उन्होंने खुद को रेड बॉल के साथ साबित किया और वाइट गेंद के साथ भी उनका रिकॉर्ड बुरा नहीं है। जिस तरह से उसने वापसी है और दुबई में गेंदबाजी की और फिर यहां खेले गए दो मैचों में, इससे उनकी क्वालिटी का पता चलता है।”
अश्विन ने जयपुर में खेले गए पहले मैच में दो और रांचीं में खेले गए दूसरे मैच में एक विकेट लिया। हालांकि तीसरे मैच में उन्हें आराम दिया गया। जहां अक्षर पटेल ने बीच के ओवरों में उनका काम किया और तीन विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता।
बीच के ओवरों में विकेट निकालने वाले गेंदबाजों की अहमियत पर रोहित ने कहा, “आप जानते हैं कि वहीं
(बीच के ओवरों में) आपको रनों पर ब्रेक लगाने की जरूरत होती है और विकेट लेने होते हैं इसलिए मुझे लगता है अश्विन अक्षर के साथ मिलकर हमारे लिए ये काम करता है।”
उन्होंने कहा, “दोनों ही गेंदबाज बीच के ओवरों में विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं और उनका लक्ष्य बचने का नहीं होता है, ये हमेशा ‘मैं किस तरह से बल्लेबाज को आउट कर सकता हूं या उस पर दबाव बना सकता हूं’ होता है।”