• Home
  • News
  • Ravichandran Ashwin not Happy With Rishabh Pant’s Game Awareness and Shot Selection

Ravichandran Ashwin on Rishabh Pant: 'वह टेस्ट के बेस्ट बल्लेबाज हैं, लेकिन...,' ऋषभ पंत की इस बात से नाराज हैं रविचंद्रन अश्विन

रविचंद्रन अश्विन असल में ऋषभ पंत की बल्लेबाजी के फैन हैं. लेकिन उनकी एक बात को लेकर वह काफी नाराज हैं. उनका कहना है कि कई बार समझाने के बाद भी पंत इसमें सुधार नहीं करते. अश्विन का कहना है कि अगर पंत ने इन बातों का ख्याल रखा होता तो उनके आंकड़े कमाल के नजर आते.

Edited By : Bharat Malhotra |Jun 10, 2026, 07:49 AM IST

Published On Jun 10, 2026, 07:49 AM IST

Last UpdatedJun 10, 2026, 07:49 AM IST

Rishabh pant and ravichandran ashwin

नई दिल्ली: रविचंद्रन अश्विन ने ऋषभ पंत (Ravichandran Ashwin on Rishabh Pant) की आलोचना की है. पूर्व भारतीय स्पिनर ने टेस्ट मैचों में पंत के गेम-अवेयरनेस की कमी और खराब शॉट सिलेक्शन को लेकर सवाल उठाए हैं. अश्विन ने यह भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए टेस्ट मैच के बाद आया है. इस मैच में भारत ने पारी और 300 रन से जीत हासिल की. इस मैच में पंत शतक से चूक गए. उन्होंने 81 रन की पारी खेली.

क्या किया था ऋषभ पंत ने

अफगानिस्तान ने लॉन्ग ऑफ और लॉन्ग ऑन पर फील्डर तैनात कर रखे थे. लेकिन पंत ने इसके बाद भी आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलना चाहा. लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए और कैच आउट हो गए. वह शतक बनाने के करीब पहुंच गए थे और ऐसा लग रहा था कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज इस आंकड़े को पार कर लेगा. लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. ऐसा पहली बार नहीं है जब पंत अपने शतक के इतने करीब आकर आउट हुए हैं. पंत ने अभी तक 50 टेस्ट मैच खेले हैं और 9 बार वह 80 से 99 के बीच आउट हुए हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सभी बल्लेबाज करते हैं गलती लेकिन अब पंत को परिस्थिति के हिसाब से खेलना होगा- पंत पर बोले अश्विन

अपने यूट्यूब चैनल पर पंत की बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए अश्विन ने कहा, ‘आप कई बार 80s और 90s में आउट हो चुके हैं. इतने कमाल का टेस्ट बल्लेबाज मिलना असंभव है. लेकिन 80 में पहुंचने के बाद ऐसा शॉट खेलना वाकई दिमाग हिला देता है. आप 80 तक पहुंचे हैं क्या आप सिर्फ 20 रन के लिए नहीं खेल सकते? इस तरह के खराब शॉट खेलकर वह भारत को कई बार नुकसान पहुंचा चुके हैं. एक बल्लेबाज के तौर पर उन्हें अतिरिक्त उत्तरदायित्व लेना होगा. अगर वह अपने इतने 80s को शतक में बदल पाते तो आंकड़े अविश्वसनीय दिखाई देते.’

अश्विन ने आगे कहा, ‘सभी बल्लेबाज गलती करते हैं. लेकिन जितनी बार वह गलतियां करते हैं वह निराशाजनक है. खास तौर पर जब कई लोगों ने आपको बताया हो कि यह गलती है लेकिन आप इसे दोहराते जाएं. मुझे यह ठीक नहीं लगता. वह अब 50 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके हैं. तो उन्हें कई बार टीम के लिए परिस्थिति के हिसाब से खेलना होगा.’ पंत भले ही शतक न बना पाए हों लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने भारत को 8 विकेट पर 564 तक पहुंचने में मदद की.

वह असल में बेस्ट टेस्ट बल्लेबाज हैं- अश्विन

रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि पंत इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज हैं. उनका डिफेंस कमाल है. हालांकि उनका मानना है कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज कई बार अपना विकेट उपहार में दे देता है.

अश्विन ने कहा, ‘वह असल में सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज है. जब वह डिफेंस करते हैं कि बहुत अच्छा होता है. यहां तक कि गावस्कर भी उसकी तारीफ करते हैं. भले ही गेंद कितनी ही तेज क्यों न आ रही हो उनके पास काफी वक्त होता है.’

अश्विन ने अंत में कहा, ‘मैंने उन्हें कई बार कहा है कि तुम्हारे पास इतना वक्त होता है और तुम जब चाहो कोई भी शॉट खेल सकते हो. तुम अपना विकेट क्यों दे देते हो? कई लोग कहते हैं कि यही उनका नैसर्गिक खेल है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में यह नैसर्गिक खेल प्रतिशत के हिसाब से होता है. एक अच्छा पर्सेंटेज शॉट वह होता है जिसमें आपको पता हो कि इसमें 70 फीसदी सफल होने की दर है. जब आप फील्डर के ऊपर से गेंद को बाउंड्री के लिए मारते हैं तो यह एक पर्सेंटेज शॉट नहीं है. ‘

कैसा है ऋषभ पंत का टेस्ट करियर

पंत ने अभी तक 50 टेस्ट मैचों में 43.37 के औसत से 3557 रन बनाए हैं. उन्होंने 8 सेंचुरी और 19 हाफ-सेंचुरी लगाई हैं. उनका स्ट्राइक-रेट 74.05 का है. वहीं सर्वाधिक स्कोर नाबाद 159 रन है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick