×

इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं रवींद्र जडेजा: भरत अरुण

भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट गुरुवार के लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला जाना है।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - September 1, 2021 7:10 PM IST

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण (Bharat Arun) ने बुधवार को पुष्टि की है कि भारत के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में खेलने के लिए फिट हैं। यानि कि जडेजा 2 सितंबर से केनिंग्टन ओवल, लंदन में होने वाले मैच में चयन के लिए उपलब्ध हैं।

भारत के लिए तीनों टेस्ट मैचों में खेलने वाले एकमात्र स्पिनर को तीसरे टेस्ट में चोट लग गई और उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल जाना पड़ा था। जडेजा के फिट होने से एक बार फिर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने पर सवाल उठ गया है। हालांकि गेंदबाजी कोच का कहना है कि अगर मैच के दिन की परिस्थितियों सही हुईं तो अश्विन और जडेजा ओवल टेस्ट में एक साथ खेलते नजर आ सकते हैं।

भरत अरुण ने कहा, “ये एहतियाती टेस्ट था। रवींद्र जडेजा को सिर्फ स्कैन के लिए अस्पताल का सूट पहनाया गया और उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की। वो बिल्कुल ठीक है।”

उन्होंने कहा, “इंग्लैंड अश्विन की स्पिन से वाकिफ है और इस बात संभावना की बेहद कम है कि ओवल की पिच स्पिनरों की मदद करेगी जैसा कि ऐतिहासिक रूप से होता आया है। ऐसे में अश्विन का शामिल होना स्थितियों पर निर्भर करेगा।”

गेंदबाजी कोच ने कहा, “ये कई बातों पर निर्भर करता है। अश्विन हमारे पास सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि वो अब तक नहीं खेले हैं। अगर मौका मिला तो वे दोनों (अश्विन और जडेजा) एक साथ गेंदबाजी करेंगे।”

वहीं चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम अपने तेज गेंदबाजों को आराम भी देना चाहेगी। यानि कि भारत के चार तेज गेंदबाजों- जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और इशांत शर्मा में से किसी एक और आराम देकर शार्दुल ठाकुर या उमेश यादव को मौका दिया जा सकता है।

इस पर कोच ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो, हम इस सीरीज में तेज गेंदबाजों की उपलब्धता को देख रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि हमें बहुत आगे देखना चाहिए। हमें तरोंताजा तेज गेंदबाजों की ओर देखना चाहिए जिन्हें हम किसी भी समय खेल सकते हैं। इसलिए, इसे विशुद्ध रूप से इस सीरीज के लिए देखा जा रहा है, आगे नहीं।”

अरुण ने हाल ही में टेस्ट स्क्वाड से जुड़े प्रसिद्ध कृष्णा के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “प्रसिद्ध कृष्णा तो एहतियात के तौर पर स्क्वाड से जोड़ा गया है। उन्हें तेज गेंदबाजों के वर्कलोड मैनेजमेंट में शामिल किया गया है। इसका और कोई लक्ष्य नहीं है।”