CSK vs PBKS- हमने 15-20 रन कम बनाए, लेकिन कोई ढीली गेंद नहीं फेंकीं: रविंद्र जडेजा
रविंद्र जडेजा को इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने माना कि बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाए लेकिन गेंदबाजों के खेल ने उन्हें जीत दिला दी.
Published On May 06, 2024, 08:42 AM IST
Last UpdatedMay 06, 2024, 08:42 AM IST
धर्मशाला: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) मैच में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ 28 रन की जीत के बाद स्वीकार किया कि उन्होंने स्कोर में 15-20 रन कम बनाए लेकिन टीम की अनुशासित गेंदबाजी की प्रशंसा की.
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में जडेजा ने कहा, ‘हमें लगा था कि हमने स्कोर में 15-20 रन कम बनाये लेकिन हमने पावरप्ले और बीच के ओवरों में ढीली गेंदें नहीं फेंकी.’
उन्होंने कहा, ‘तेज गेंदबाजों ने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी की. तुषार देशपांडे ने दो महत्वपूर्ण विकेट लिए और फिर बीच के ओवरों में मिचेल सैंटनर और मैंने भी अच्छी गेंदबाजी की.’ जडेजा ने 26 गेंद में 43 रन की महत्वपूर्ण पारी ऐसे समय में खेली जब पंजाब किंग्स (Punjab Kings) लगातार विकेट झटक रही थी.
उन्होंने कहा कि बीच के ओवरों में बल्लेबाजी करना मुश्किल था. जडेजा ने कहा, ‘यह दिन का मैच था इसलिए विकेट धीमा था. हमेशा की तरह ऐसी ही उम्मीद थी क्योंकि बहुत गर्मी थी.’
उन्होंने कहा, ‘पावरप्ले में पिच हमेशा सपाट लगती है. लेकिन जब गेंद पुरानी हो जाती है तो यह बल्ले पर नहीं आती. जब आप किसी नये स्थान पर खेलते हैं तो आप नहीं जानते कि गेंद कितनी घूमेगा या रुक कर आएगी.’
जडेजा ने कहा, ‘‘बल्लेबाज के रूप में मेरी भूमिका साझेदारी बनाना और फिर अंत में बड़े शॉट खेलना है. पर कभी कभी जब हम पावरप्ले में विकेट खो देते हैं तो लय नहीं बनती . जिस मैच में हम हर विभाग में अच्छा खेलते हैं, उनमें जीतते हैं.’
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 21 गेंद में 32 रन बनाए. उन्होंने कहा, ‘हर कोई जानता था कि विकेट धीमा था और गेंद धीमी गति से आ रही थी. उछाल भी कम था. हमें जो शुरुआत मिली, उससे हम 180-200 रन के स्कोर तक पहुंच सकते थे. हमने लगातार गेंद पर विकेट गंवा दिये और फिर लगा कि शायद 10 रन कम बनाए.’