- Home
- News
- Ravindra jadeja two wickets in an over against Chennai SuperKings in ipl 2026 Gun celebration Viral
17 साल बाद RR में वापसी, रविंद्र जडेजा ने एक ही ओवर में चटकाए दो विकेट, 'गन सेलिब्रेशन' हुआ वायरल
रविंद्र जडेजा ने एक ही ओवर में पहले सरफराज खान और फिर शिवम दुबे को अपना शिकार बनाया.
Published On Mar 30, 2026, 09:08 PM IST
Last UpdatedMar 30, 2026, 09:08 PM IST
Ravindra Jadeja Gun celebration
Ravindra jadeja Gun celebration: आईपीएल 2026 में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में 17 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में लौटे स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने अपने पहले ही ओवर में धमाल मचा दिया. रविंद्र जडेजा ने पहले ही ओवर में चेन्नई सुपरकिंग्स के दो बल्लेबाजों को अपना शिकार किया. रविंद्र जडेजा ने विकेट के बाद गन सेलिब्रेशन किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी के दौरान पारी के आठवें ओवर में रविंद्र जडेजा को गेंद सौंपी गई. इस ओवर में उन्होंने दो विकेट लेकर चेन्नई सुपरकिंग्स की कमर तोड़ दी.
सरफराज- शिवम दुबे को जडेजा ने एक ही ओवर में बनाया शिकार
रविंद्र जडेजा ने ओवर की दूसरी बॉल पर सरफराज खान को अपना शिकार बनाया. सरफराज खान ने सीधी फुल गेंद को स्वीप का प्रयास किया, मगर गेंद बल्ले के नीचे से निकलते हुए पैड पर लगी और अंपायर ने अंगुली खड़ी कर दी. सरफराज ने डीआरएस लिया, मगर उन्हें इसका फायदा नहीं हुआ.
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे ने पहली ही बॉल पर छक्का लगाया, मगर ओवर की आखिरी बॉल पर जडेजा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया. ऑफ स्टंप के बाहर की फुल गेंद को दुबे ने लांग ऑफ के ऊपर से शॉट मारने का प्रयास किया, मगर गेंद बल्ले के निचले हिस्से पर लग कर गेंद सीधे लांग ऑफ़ के फ़ील्डर के पास गई, जहां बिश्नोई ने कोई गलती नहीं की. सरफराज खान ने 17 रन और शिवम दुबे ने छह रन की पारी खेली. शिवम दुबे के विकेट के बाद जडेजा ने गन सेलिब्रेशन किया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
17 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में लौटे हैं जडेजा
रविंद्र जडेजा 17 साल बाद वापस राजस्थान रॉयल्स में लौटे हैं. वह इससे पहले साल 2009 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे. राजस्थान रॉयल्स की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स से उन्हें ट्रेड किया है.
T20 में किसी एक टीम के लिए दो मैचों के बीच गैप:
238 – RCB के लिए भुवनेश्वर कुमार (2009-2025)
225 – RCB के लिए कर्ण शर्मा (2009-2023)
214 – RR के लिए रवींद्र जडेजा (2009-2026)
206 – KKR के लिए मनदीप सिंह (2010-2023)
रविंद्र जडेजा ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की और तीन ओवर के स्पेल में सिर्फ 18 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए.