रवींद्र जडेजा के रेस्त्रां पर पड़ा छापा, मिला सड़ा खाना
राजकोट में जडेजा के रेस्त्रां 'जड्डूज फूड फील्ड' पर नगर निगम ने छापा मारा।
Published On Oct 07, 2017, 04:08 PM IST
Last UpdatedOct 07, 2017, 04:08 PM IST
रवींद्र जडेजा © Getty Images (File Photo)
भारतीय टीम से बाहर चल रहे स्पिनर रवींद्र जडेजा के रेस्त्रां पर नगर निगम ने शुक्रवार को छापा मारा, जिस दौरान वहां काफी सारा सड़ा हुआ खाना मिला। राजकोट नगर निगम ने भारतीय क्रिकेटर के रेस्त्रां ‘जड्डूज फूड फील्ड’ के साथ साथ राजकोट के मैकडॉनल्ड्स रेस्ट्रां में भी छापा मारा। जडेजा के रेस्त्रां में खराब खाना मिलने पर उन्हें चार दिन का नोटिस दिया गया है, जिसके अंदर-अंदर उन्हें रेस्त्रां को निगम से स्वच्छता मानक के हिसाब से तैयार करना है। रेस्त्रां को जडेजा की बहन नैना संभालती हैं। उनका इस बारे में कहना है कि, “हां हमारे यहां कुछ उबला हुआ और पका हुआ खाना पड़ा था, जिसमें से थोड़ी ब्रेड सड़ गई। हम पका हुआ खाना अच्छे से रखते हैं लेकिन अब हम कोशिश करेंगे कि बचा खाना रात में ही खत्म कर दिया जाय।” [ये भी पढ़ें: आशीष नेहरा का इंटरव्यू देखकर उनके फैन बने विराट कोहली]
नैना ने बताया कि उनके रेस्त्रां में क्रशर नहीं है लेकिन अब वो लोग जल्द ही इसका इंतजाम करेंगे। जडेजा की बड़ी बहन ने साफ कहा कि उनके रेस्त्रां में फूड कलर सब्जियों में डाला जाता है लेकिन खाने में उसका इस्तेमाल नहीं किया जाता है। जडेजा काफी समय से टीम से बाहर हैं। कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल के रहते टीम इंडिया में उनकी जगह नहीं बन पा रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों में अक्षर के चोटिल होने के बाद जडेजा को टीम में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।